एमएनएनआईटीः शत प्रतिशत छात्रों ने दी परीक्षा अंतिम सेमेस्टर की परीक्षाएं सम्पन्न, 30 जून तक आएगा रिजल्ट

प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। कोरोना संक्रमण के दौरान एमएनएनआईटी ने बीटेक, एमटेक अंतिम सेमेस्टर की परीक्षाएं सम्पन्न हो गईं हैं। संस्थान ने पहली बार ऑनलाइन परीक्षा पूरी करवाई। बीटेक व एमटेक अंतिम सेमेस्टर के शत प्रतिशत छात्र परीक्षा में शामिल हुए।
ऑनलाइन परीक्षाएं 19 जून को पूरा करने के बाद अब संस्थान की ओर से रिजल्ट जारी करने की तैयारी है। संस्थान के निदेशक प्रो. राजीव त्रिपाठी ने बताया कि हमारे छात्रों का प्लेसमेंट करने वाली कंपनियों से कहा गया है कि बीटेक, एमटेक फाइनल सेमेस्टर का परिणाम 30 जून तक रिजल्ट घोषित कर दिया जाएगा। उम्मीद यह भी है कि 26 से 27 जून तक रिजल्ट जारी कर दिया जाए।
उन्होंने बताया कि पहले, दूसरे और तीसरे वर्ष की परीक्षाओं के लिए जुलाई में संस्थान खुलने पर इसके बारे में तिथि तय की जाएगी।
ज्ञात हो कि बीटेक, एमटेक और एमएससी अंतिम सेमेस्टर की ऑनलाइन परीक्षा पूरी हो गई हैं, इससे पहले छात्रों की प्रैक्टिकल परीक्षाएं, प्रोजेक्ट और ऑनलाइन वायवा वायस परीक्षा पूरी की जा चुकी है।
संस्थान के छात्रों ने एमएस टीम साफ्टवेयर के जरिए ऑनलाइन परीक्षा में घर बैठे भागीदारी की। ऑनलाइन परीक्षा में हर परीक्षार्थी के लिए सॉफ्टवेयर से अलग-अलग सवाल पूछे गए।
उन्होंने बताया कि परीक्षा में 30 फीसदी अंक छात्रों के पुराने प्रदर्शन के आधार पर दिए जाएंगे। 30 फीसदी अंक ऑनलाइन परीक्षा, लाकडाउन के पहले हुई परीक्षा के 20 फीसदी और 20 फीसदी अंक शिक्षकों के मूल्यांकन के मिलेंगे। संस्थान की ओर से जल्द ही परिणाम जारी करके छात्रों को नौकरी पाने का अवसर दिया जाएगा।




