यूपी बोर्ड का रिजल्ट आते ही बढ़ी आवेदन की रफ्तार, इविविः 28 जून से 3 हजार से अधिक छात्र रोज भर रहे फार्म

प्रयागराज ( अनुराग दर्शन समाचार) । माध्यमिक शिक्षा परिषद (माशिप) द्वारा यूपी बोर्ड के इंटरमीडिएट का रिजल्ट 27 जून को जारी होने के बाद से इलाहाबाद विश्वविद्यालय में प्रवेश लेने वाले आवेदकों की संख्या तेजी से बढ़ी है। 28 जून से अब तक औसतन 3 हजार अभ्यर्थी रोजाना आवेदन कर रहे हैं। जबकि ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन डेढ़ लाख से अधिक ने किया था। 27 जून तक फीस जमाकर मात्र 70 हजार छात्रों ने आवेदन फार्म सबमिट किया था। बुधवार शाम तक 1,64,144 ने ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन किया है। इसमें 81,489 ने अंतिम रुप से फार्म सबमिट कर दिया है।
ज्ञात हो कि 27 जून को 71,290 ने फार्म भरा था। यानी बोर्ड परीक्षा का रिजल्ट आने के तीन दिन बाद तक दस हजार से ज्यादा आवेदकों ने फार्म भरा। आवेदन की अंतिम तिथि 30 जून से बढ़कर 15 जुलाई हो गई है। उम्मीद है कि इस साल भी पिछले साल के बराबर छात्र-छात्राएं प्रवेश परीक्षा के लिए आवेदन करेंगे। इविवि एवं कॉलेजों में नए शैक्षिक सत्र में दाखिले के लिए प्रवेश परीक्षाएं एक अगस्त से प्रस्तावित हैं।



