Latest

जिला अधिवक्ता संघ चुनाव में गहमागहमी

 

कड़ी सुरक्षा व्‍यवस्‍था में डाले जा रहे वोट

( अनुराग शुक्ला )
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार )। जिला अधिवक्ता संघ का चुनाव कचहरी परिसर में आज मंगलवार को हो रहा है। सुबह नौ बजे से वोटिंग शुरू हो गई है, जो शाम पांच बजे तक चलेगी। मतगणन बुधवार को संगम सभागार में होगी। मतदान के दौरान शांति-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। चुनाव में खलल डालने वालों के खिलाफ पुलिस कड़ी कार्रवाई करेगी।

मतदान के लिए अधिवक्‍ताओं का ड्रेस में आना आवश्‍यक

जिला अधिवक्ता संघ के हाल में उत्तर प्रदेश बार काउंसिल के पूर्व चेयरमैन एवं सदस्य देवेंद्र मिश्र नगरहा, एल्डर कमेटी के चेयरमैन नरेंद्र देव पांडेय, विनोद चंद्र दुबे व कृष्ण बिहारी तिवारी ने चुनाव संबंधी तैयारियों के बारे में जानकारी दी है। कहा है कि शांतिपूर्ण मतदान के लिए सभी तैयारी पूरी कर ली गई है। मतदान के लिए सभी सदस्यों का अधिवक्ता की ड्रेस में आना अनिवार्य होगा। पहचान के लिए उत्तर प्रदेश बार काउंसिल द्वारा सीओपी नंबर युक्त पहचान पत्र साथ में लाना होगा। विकल्प के रूप में बार काउंसिल द्वारा जारी रजिस्ट्रेशन प्रमाण पत्र जिसमें सीओपी नंबर अंकित हो, उसे प्रयोग किया जा सकता है।

मतदान यहां होगा

कचहरी परिसर में जिला जज जहां पहले बैठते थे, अदालत के पूर्वी और मतदान केंद्र बनाया गया है। प्रवेश के लिए जिला कचहरी के गेट नंबर दो और जगराम चौराहे की ओर जाने वाले मतदाता बाबा राम अधार यादव मार्ग से प्रवेश करेंगे। निकास के लिए मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत जहां पूर्व में स्थित थी, पश्चिम की ओर व्यवस्था की गई है। बीमार, दिव्यांग और 70 वर्ष से ऊपर के अधिवक्ताओं के लिए निकास और प्रवेश एक ही द्वार से होगा।

*होगा जरूरी पर्ची बनवाना*

चुनाव में मतदान स्थल पर जाने से पूर्व मतदाता सूची से अपनी पर्ची को बनवा कर साथ ले जाना जरूरी घोषित है। विकास भवन के बगल में ट्रेजरी कार्यालय में आठ टेबल पर 32 अधिवक्ता बैठकर मतदाता पर्ची जारी करेंगे। एल्डर कमेटी की ओर से प्रत्याशियों को सख्त निर्देश जारी किए गए हैं कि मतदान स्थल के प्रमुख प्रवेश द्वार से 25 मीटर की दूरी पर ही अपना चुनाव कार्यालय बनाएंगे, लेकिन मतदान स्थल पर कोई प्रचार नहीं करेगा।

डीएम, एसएसपी सहित आला अधिकारी रहेंगे मौजूद

चुनाव के दौरान डीएम, एसएसपी मौजूद रहेंगे। पुलिस और प्रशासन के अधिकारी सुरक्षा की जिम्मेदारी संभालेंगे। तीन मजिस्ट्रेट, तीन क्षेत्राधिकारी, 16 इंस्पेक्टर समेत 600 सुरक्षाकर्मी तैनात रहेंगे। एसएसपी अजय कुमार ने कहा कि सुरक्षा के दृष्टिगत रूफटाफ जवान भी तैनात रहेंगे। मतदान में किसी तरह की अव्यवस्था फैलाने, बाधा पहुंचाने वाले के खिलाफ कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

Related Articles

Back to top button