Latest

इविवि: प्रवेश परीक्षा पर यूजीसी की गाइडलाइन का इंतजार

प्रयागराज ( अनुराग दर्शन समाचार) । इलाहाबाद विश्वविद्यालय एवं इसके संघटक कॉलेजों में नए सत्र में दाखिले के लिए कोरोना काल में प्रवेश परीक्षा कराने को लेकर असमंजस की स्थिति बनी हुई है।

इविवि प्रशासन प्रवेश परीक्षा कराने के लिए यूजीसी की ओर से जारी की जाने वाली गाइडलाइन का इंतजार कर रहा है। इसके बाद प्रवेश प्रकोष्ठ बैठक कर प्रवेश परीक्षा पर अंतिम निर्णय लेगा।
ज्ञात हो कि इविवि प्रवेश के लिए 25 मार्च से आवेदन प्रक्रिया शुरू हुई थी। कोरोना संक्रमण व लॉकडाउन के कारण आवेदन प्रक्रिया स्थगित कर दिया गया था।

पुन: 10 मई से आवेदन चल रहा है। आवेदन की अंतिम तिथि 15 जुलाई तय है। प्रवेश प्रकोष्ठ की ओर से 01 अगस्त से प्रवेश परीक्षाएं प्रस्तावित हैं। जबकि केंद्र सरकार से अनलॉक-2 31 जुलाई तक लागू है।

ऐसे में प्रस्तावित तिथि पर प्रवेश परीक्षा कराने को लेकर संशय की स्थिति बनी हुई है।

इविवि प्रवेश प्रकोष्ठ के निदेशक प्रो. प्रशांत अग्रवाल ने बताया कि अभी यूजीसी की ओर से प्रवेश परीक्षा के संबंध में गाइडलाइन का इंतजार किया जा रहा है। गाइडलाइन आने के बाद बैठक कर प्रवेश परीक्षा के संबंध में जरूरी फैसले लिए जाएंगे।

Related Articles

Back to top button