जिले में सशर्त होम आइसोशलेशन आज से होगा लागू

प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार) । बिना लक्षण वाले कोरोना मरीजों को घर में अलग रखने की सुविधा प्रयागराज में आज शुक्रवार से शुरू की जाएगी। प्रशासन ने कुछ खास शर्तों के साथ होम आइसोलेशन की अनुमति देगा। शर्त पूरी न होने पर व्यक्ति को सरकारी व्यवस्था में ही जाना होगा।
बीमार व्यक्ति के अंदर कोई लक्षण नहीं होना चाहिए। उसे कैंसर, किडनी, डायबिटीज जैसी दूसरी बीमारी नहीं होनी चाहिए। घर में आइसोलेट होने की जगह होनी चाहिए, अलग शौचालय होना चाहिए। इसके पोर्टल पर उसे तीन में तीन बार अपनी पल्स रेट, बुखार और आक्सीजन लेवल जांचकर अपलोड करना होगा। आरोग्य सेतु एप डाउनलोड करना होगा, हर वक्त ब्लू टूथ ऑन होना चाहिए। घरवालों की सहमित लेनी होगी कि घर से बीमार को कहीं भी बाहर नहीं जाने दिया जाएगा। तबीयत बिगड़ने पर तत्काल इसकी सूचना कंट्रोल रूम को दी जाएगी। बीमार व्यक्ति की सेवा करने वाला रक्त संबंधी होना चाहिए। नौकर से सेवा नहीं चलेगी। गुरुवार को स्वास्थ विभाग की टीम ने 20 लोगों को ट्रायल के तौर पर होम आइसोलेट किया। टीम मरीजों के घर गई और पूरी जानकारी दी। जिससे शुक्रवार से शुरू होने वाली व्यवस्था में कोई परेशानी न हो।
आइसोलेशन के बाद क्वारंटीन भी होना है :
जिलाधिकारी भानु चंद्र गोस्वामी ने कहा कि ये बात लोगों को समझनी होगी कि होम आइसोलेशन है। आइसोलेशन की अवधि पूरी होने के बाद लोगों को क्वारंटीन भी होना होगा। ऐसा नहीं है कि लोग यह समझ लें कि होम आइसोलेशन हो रहा है तो क्वारंटीन भी साथ-साथ चल रहा है। पहले एक कमरे तक खुद को सीमित करना होगा। इसके बाद अगले 10 दिन क्वारंटीन होने की अवधि में अपने घर में क्वारंटीन भी होना होगा। सारी व्यवस्थाएं कर दी गई हैं। कंट्रोल रूम चालू कर दिया गया है। जिससे बीमार व्यक्ति की पूरी स्क्रीनिंग की जा सके। हमारा लक्ष्य अभी भी संक्रमण को रोकना है।
जिले में बनी 43 रैपिड रिस्पांस टीम :
शुक्रवार से शुरू हो रहे होम आइसोलेशन के लिए जिले में कुल 43 रैपिड रिस्पांस टीम का गठन किया गया है। शहरी क्षेत्र के लिए कुल 23 टीमों का गठन किया गया है जबकि ग्रामीण क्षेत्रों में हर ब्लॉक के लिए एक टीम रहेगी। एडीएम प्रशासन वीएस दुबे ने बताया कि यह टीम तत्काल रिस्पांस करेगी। टीम देखेगी कि किसे होम आइसोलेशन में रखा जा सकता है और किसे नहीं। टीम की रिपोर्ट के आधार पर होम आइसोलेशन तय किया जाएगा। इसके साथ ही संगम सभागार में कोरोना के लिए बनाए गए कंट्रोल रूम में ही होम आईसोलेशन के लिए कंट्रोल रूम बनाया गया है। जिसके हेल्प लाइन नंबरों को बढ़ाया जाएगा।




