Latest

परीक्षार्थियों से मांगा तीन परीक्षा केन्द्रों का विकल्प

यूपी पीसीएस-2020 की प्रारंभिक परीक्षा 11 अक्टूबर को

प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार) । कोरोना संक्रमण के मौजूदा दौर में उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) ने पीसीएस, एसीएफ एवं आरएफओ प्रारंभिक परीक्षा 2020 के लिए आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों से परीक्षा केंद्र के लिए तीन जिलों का विकल्प मांगा है। पीसीएस, एसीएफ एवं आरएफओ प्रारंभिक परीक्षा 11 अक्तूबर को होनी है। इसके लिए 595696 अभ्यर्थियों ने आवेदन किए हैं।
आयोग के परीक्षा नियंत्रक अरविंद कुमार मिश्र ने बताया कि प्रारंभिक परीक्षा प्रदेश के 19 जिलों आगरा, अयोध्या, आजमगढ़, बाराबंकी, बरेली, गाजियाबाद, गोरखपुर, जौनपुर, झांसी, कानपुर नगर, लखनऊ, मथुरा, मेरठ, मिर्जापुर, मुरादाबाद, प्रयागराज, रायबरेली, सीतापुर एवं वाराणसी में आयोजित की जाएगी। परीक्षार्थियों को इन 19 0में से किन्हीं तीन ऐसे जिलों का विकल्प देना है, जहां वे सुगमता से प्रारंभिक परीक्षा दे सकते हैं।
परीक्षा नियंत्रक ने यह भी स्पष्ट किया है कि अभ्यर्थियों द्वारा दिए गए विकल्पों के आधार पर जिला या केंद्र आवंटित किया जाना आयोग के लिए बाध्यकारी नहीं होगा। अभ्यर्थियों को तीन जिलों का विकल्प आयोग की वेबसाइट के होम पेज पर निर्धारित स्थान पर क्लिक करके 7 सितंबर तक देना है। परीक्षा नियंत्रक ने स्पष्ट किया है कि 7 सितंबर के बाद किसी भी प्रकार का विकल्प नहीं लिया जाएगा।

Related Articles

Back to top button