सोसल डिस्टेंस न होने से सपा एम एल सी ने किया जिला प्रशासन बैठक का बहिष्कार

प्रयागराज, (अनुराग दर्शन समाचार) l जिला प्रशासन द्वारा आहूत की गई जिला विकास समन्वय और निगरानी समिति “दिशा “की बैठक में सोसल डिस्टेंस का पालन न होने के कारण सपा के एम एल सी बासुदेव यादव ने बहिष्कार कर दिया और बैठक के बीच में ही उठ कर चले गए l
सपा के जिला प्रवक्ता दान बहादुर मधुर के हवाले से दी गई जानकारी के अनुसार आज संगम सभागार में दोपहर 12 बजे से आयोजित “दिशा” की बैठक की अध्यक्षता प्रयागराज की सांसद श्रीमती रीता बहुगुणा जोशी कर रही थीं l बैठक में जनपद के जानप्रतिनिधियों के साथ ही जिलाधिकारी श्री भानु चन्द्र गोस्वामी सहित अन्य अधिकारी गण मौजूद थे l
सपा एम एल सी बासुदेव यादव ने बैठक शुरू होते ही कोविड 19 के नियमों का हवाला देते हुए कहा कि एक तरफ जिला प्रशासन आम जनता को छोटी छोटी गलतियों पर जुर्माना कर रहा है, विपक्षी दलों के कार्यकर्ताओं के ऊपर कोविड का बहाना बनाकर मुकदमे कायम कर रहा है वहीं जिला प्रशासन द्वारा बुलाई गई बैठक में 3 गज की दूरी पर बैठने की व्यवस्था की जगह ३इंच की दूरी पर बैठाया गया है जिससे गंभीर संक्रमण का खतरा बढ़ सकता है l श्री यादव ने यह भी आरोप लगाया कि भाजपा के लोग घर घर 15-20 की संख्या में जाकर बूथ सत्यापन कर रहे हैं उनको पुलिस प्रशासन नहीं रोक रहा है जबकि विपक्षी दलों के कार्यकर्ताओं के ऊपर मुकदमे कायम कर परेशान किया जा रहा है l


