मंगलवार तड़के पुलिस और बदमशों के बीच हुए मुठभेड़ के बाद दो इनामी बदमाश पकड़े गए।

प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार )। प्रयागराज के गंगापार सोराव थाना अंतर्गत फाफा मऊ इलाके में मंगलवार सुबह पुलिस मुठभेड़ में दो बदमाशों को गोली लग गई। दोनों बदमाशों को पुलिस ने उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। पकड़े गए दोनों बदमाशों पर 50 और 35 हजार रुपए का इनाम है। दोनों बदमाश छत्तीसगढ़, कानपुर और प्रयागराज में आपराधिक वारदातों में फरारी काट रहे थे। तीनों जगह से दोनों पर इनाम घोषित था।
गंगापार के सोरांव थानान्तर्गत लूसन पुर गांव के सामने हाईवे पुलिया के पास मंगलवार की भोर में पुलिस गश्त पर थी। इसी दौरान पुलिया के निकट संदिग्ध हाल में दो लोग खड़े दिखे। पुलिस दल ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो वह पुलिसवालों पर फायरिंग करते हुए भागने लगे। पुलिस ने जवाबी गोली चलाई।
मुठभेड़ में दोनों तरफ से कई राउंड गोली चली। इस दौरान पुलिस की गोली से दो बदमाश घायल हो गए। उनके पैर में गोली लगी। उन्हें पुलिस ने इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। जख्मी बदमाश इनामी हैं। काफी दिनों से पुलिस और एसओजी तलाश रही थी। दोनों के पास से दो तमंचा और कारतूस बरामद किए गए। पुलिस का दावा है कि दोनों किसी आपराधिक वारदात को अंजाम देने के फिराक में छिपे थे।
छत्तीसगढ़ और प्रयागराज से जुनैद 25-25 हजार का इनामी
एसएसपी प्रयागराज अभिषेक दीक्षित के अनुसार, मुठभेड़ में मो. जुनेद पुत्र मो. शकील निवासी मदई पुर, थाना मांधाता, जिला प्रतापगढ़ और अबु वैश पुत्र जावेद निवासी रुद्रपुर थाना सोरांव, प्रयागराज हैं। पुलिस के अनुसार जुनैद पर प्रयागराज और छत्तीसगढ़ पुलिस ने 25-25 हजार रुपए का इनाम घोषित कर रखा था। जबकि अबु वैश पर प्रयागराज पुलिस ने 25 हजार और कानपुर पुलिस ने 10 हजार का इनाम घोषित कर रखा है। पुलिस और एसओजी को इन दोनों की काफी समय से दोनों की तलाश थी।
20 जुलाई को घूरपुर में हुई मुठभेड़ में दबोचा गया था 25 हजार का इनामी
एक हफ्ते पहले 20 जुलाई को यमुनापार के घूरपुर थाना क्षेत्र में रीवा रोड स्थित हवाई पट्टी के पास वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस की बदमाशों से मुठभेड़ हुई थी। वहां भी पुलिस को देखकर बदमाशों ने गोली चलाई थी। जवाबी फायरिंग में 25 हजार का इनामी बदमाश सुनील भारतीय निवासी भंडरा थाना नैनी घायल हो गया था। हालांकि उसका साथी अंधेरे का लाभ उठाकर भाग निकला था। पकड़े गए बदमाश के खिलाफ नैनी समेत अन्य थानों में डकैती और अन्य संगीन धाराओं में केस दर्ज है।


