Paryagaraj : तीन डॉक्टर, दो बैंक अधिकारी समेत 176 कोरोना पॉजिटिव

अब तक मिले कोरोना के 3801 मामले, एक्टिव केस 1664
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। जिले में कोरोना का कहर थमता नजर नहीं आ रहा है। शनिवार को कोरोना संक्रमण के कुल 176 नए मामले मिले। इनमें तीन डॉक्टर, दो बैंक अधिकारी, सीएचसीकर्मी, पुलिसकर्मी एवं एयरफोर्स कर्मचारी शामिल हैं। इसके अलावा दारागंज, जार्जटाउन और सिविल लाइंस थाने के कुल सात पुलिसकर्मी एवं आरपीएफ के ट्रेनी सिपाही संक्रमित हैं। एक सीमेंट कंपनी के कई कर्मचारी भी पॉजिटिव हैं। कोविड के नोडल डॉ. ऋषि सहाय ने बताया कि शहर के एक दंत चिकित्सक, एसआरएन अस्पताल के एक रेजीडेंट डॉक्टर एवं अल्लापुर के एक अस्पताल के डॉक्टर की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।
अब कोरोना मरीजों की संख्या 3801 तक पहुंच चुकी है। एक तरफ जहां कोरोना मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। वहीं इस बीमारी से पीडि़त मरीज तेजी से ठीक भी हो रहे है। शनिवार को एक दिन में सबसे ज्यादा 107 मरीज ठीक होकर घर चले गए। यही कारण है कि स्वस्थ हुए मरीजों की संख्या 1768 है और एक्टिव केस अभी 1664 है। कोरोना संक्रमित एडवोकेट जनरल की तीसरी जांच रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। कुछ दिन पहले कोरोना संक्रमित हुए एडवोकेट जनरल को लखनऊ के एसजीपीजीआई रेफर कर दिया गया है।
उधर, अल्लापुर के एक प्राइवेट अस्पताल के डॉक्टर का पूरा परिवार ही कोरोना संक्रमित हो गया है। डॉक्टर का बेटा, पत्नी, समेत कुल पांच लोग संक्रमित हुए हैं। इसकी जानकारी होने के बाद उनके यहां जाने वाले मरीज भी संदिग्ध हो गए हैं। नोडल अधिकारी का कहना है कि अस्पताल को सेनिटाइज कर सील किया जाएगा।




