गांवों के विद्यालयों में निर्बाध चलेंगे वर्चुअल क्लासेज

सरकारी स्कूलों को मिलेगी मुफ्त हाईस्पीड इंटरनेट सुविधा
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। कोरोना संक्रमण के कारण स्कूल कॉलेजों में पारम्परिक शैक्षिक गतिविधियां बंद हैं। ऐसे में ऑनलाइन क्लासेज सबसे बेहतर विकल्प के तौर पर सामने आए हैं। ऑनलाइन शिक्षा के लिए स्मार्टफोन और इंटरनेट सुविधा का होना जरूरी है। सूबे के ज्यादातर सरकारी प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालय गांवों में हैं। उन्हें वर्चुअल क्लास के लिए अब हाईस्पीड नेट मुहैया कराया जाएगा। जिले के सात विकास खंडों के ग्राम पंचायतों में मुफ्त हाईस्पीड इंटरनेट सुविधा पूरे वर्षभर मिलेगी। यह सेवा शुरू में भारत सरकार के डिजिटल इंडिया अभियान के तहत भारत नेट के जरिए उपलब्ध कराई जाएगी। बाद में यह सभी स्कूलों में उपलब्ध कराई जाएगी।
स्कूलों में हाईस्पीड इंटरनेट सेवा मिलने से उन शिक्षकों को मदद मिलेगी जो वर्तमान में वॉट्सएप के जरिए बड़े पैमाने पर छात्रों को शैक्षिक सामग्री शेयर कर रहे हैं। बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) संजय कुमार कुशवाहा ने कहा कि सरकार की इस पहल से मंडा, प्रतापपुर, बहादुरपुर, बहारिया, सोरांव, करछना और फूलपुर जैसे विकासखंडों के गावों के विद्यालय व छात्र लाभान्वित होंगे। सभी सातों विकास खंडों के ब्लॉक एजुकेशन ऑफिसर (बीईओ) को निर्देश दिया गया है कि वे सभी स्कूलों के हेड मास्टरों की एक पासपोर्ट साइट फोटो और आधार कार्ड प्रूफ उपलब्ध कराएं जिससे कि ब्रॉडबैंड इंटरनेट कनेक्शन संस्थाओं में उपलब्ध कराया जा सके।




