आम जनता से दुव्र्यवहार पड़ा महंगा-दरोगा समेत तीन पुलिसकर्मी निलंबित

प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार) । आम लोगों के साथ दुव्र्यवहार पुलिसकर्मियों को महंगा पड़ गया। एसएसपी अभिषेक दीक्षित ने एक दरोगा समेत तीन पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया। तीनों पर आरोप था कि उन्होंने पब्लिक के साथ दुव्र्यवहार किया। इसकी शिकायत मिलने पर जांच कर विभागीय कार्रवाई की गई। दारागंज के हिस्ट्रीशीटर रंजीत सोनकर को दो दिन पूर्व दारागंज पुलिस ने पकड़ा और उसकी इतनी पिटाई कर दी कि उसकी आंख पर गंभीर चोट आ गई। इसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती करा दिया। जब रंजीत की मां ने पुलिसकर्मियों पर मारने-पीटने का आरोप लगाया तो उसके खिलाफ संगीन धाराओं में मुकदमा भी दर्ज कर लिया। आखिर में इसकी शिकायत मिलने पर मंगलवार को एसएसपी ने आरोपी दरोगा विश्वेंद्र यादव को निलंबित कर दिया।
वहीं, पीआरवी 112 के सिपाही मुकेश उपाध्याय और चालक लवकुश को निलंबित किया गया। इन दोनों सिपाहियों पर आरोप था कि गीता निकेतन मंदिर के पास एक डीसीएम गाड़ी रोककर उसके चालक के साथ मारपीट की। उसे इतना मारा कि वह गाड़ी छोड़कर भाग निकला। इसके बाद वहां पर जाम लग गया था। बताया जा रहा है कि गाड़ी चालक लवकुश पीएसी में तैनात है। इसलिए उसके निलंबन के लिए चतुर्थ वाहिनी पीएसी सेनानायक को रिपोर्ट भेजी गई।



