पांच निजी अस्पतालों को नोटिस, दो सील

नहीं बरत रहे थे कोरोना संक्रमण की रोकथाम संबंधी एहतियात
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार) । एहतियात बरत कर और मानकों का पालन कर कोरोना संक्रमण से बचा जा सकता है व साथ ही इसे फैलने से भी रोका जा सकता है। लेकिन चिंता की बात यह है कि आम लोगों के साथ-साथ जिम्मेदार भी इस मामले में लापरवाही बरत रहे हैं। इंफेक्शन प्रीवेंशन प्रोटोकॉल के तहत लापरवाही मिलने पर स्वास्थ्य महकमे की टीम ने एकतरफ जहां शहर के पांच प्राइवेट अस्पतालों को नोटिस जारी किया है वहीं फूलपुर क्षेत्र के दो प्राइवेट अस्पतालों को सील कर दिया है।
सीएमओ डॉ. जीएस बाजपेई ने बताया कि निरीक्षण पर निकली टीम को शहर के क्नीनिक में लापरवाही देखने को मिली। शहर के दो बड़े डॉक्टरों के इन क्लीनिकों में कोरोना महामारी में इंफेक्शन प्रीवेंशन प्रोटोकॉल का पालन नहीं हो रहा था। वहीं दो प्राइवेट अस्पताल एवं एक स्कैनिंग सेंटर में भी कुछ यही हाल देखने को मिला। टीम ने पांचों निजी चिकित्सालयों व स्कैनिंग सेंटर को नोटिस जारी कर तीन दिनों के भीतर स्पष्टीकरण मांगा है। उन्हें कमियों को दुरुस्त करने का भी प्रमाण देने के लिए कहा गया है। वहीं, फूलपुर के मुबारकपुर में दो प्राइवेट अस्पतालों में भी खामियां मिली हैं। दोनों अस्पतालों को सील कर दिया गया है।




