इविवि: कुलपति की दौड़ में अब 15 शिक्षाविद

स्थायी वीसी के चयन के लिए नई दिल्ली में बैठी सर्च कमेटी
देशभर से 413 शिक्षविदों ने इस पद के लिए किया था आवेदन
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। आठ माह के बाद इलाहाबाद विश्वविद्यालय (इविवि) को स्थाई कुलपति मिलने की प्रक्रिया एक बार फिर आगे बढ़ी है। केन्द्रीय मानव संसाधन विकास मंत्रालय (एमएचआरडी) ने इविवि कुलपति पद के लिए देशभर से कुल 15 शिक्षाविदों को बुलावा भेजा है। इस सूची में इविवि के तीन शिक्षक भी शामिल बताये जा रहे हैं।
इविवि कुलपति प्रो. आर.एल. हांगलू द्वारा 31 दिसम्बर 2019 को अपने पद से इस्तीफा देने के बाद मंत्रालय के निर्देश पर वरिष्ठता के आधार पर पहले प्रो. केएस मिश्र व प्रो. पीके साहू और उसके बाद प्रो. आर.आर. तिवारी को कार्यवाहक वीसी का जिम्मा सौंपा गया। एचआरडी मंत्रालय ने स्थायी कुलपति पद के लिए आवेदन मांगे और नियुक्ति के लिए तीन सदस्यीय सर्च कमेटी का गठन किया गया।
मंगलवार को नई दिल्ली में सर्च कमेटी की पहली बैठक में आवेदन पत्रों की स्क्रीनिंग हुई। इसमें देशभर से आए 413 आवेदनों में से 15 आवेदकों को साक्षात्कार के लिए अर्ह घोषित किया गया। मंत्रालय की तरफ से इन सभी को साक्षात्कार के लिए आमंत्रित किया जाएगा। साक्षात्कार की प्रक्रिया पूरी होने के बाद इविवि को स्थायी कुलपति मिल जाएगा। उम्मीद है कि नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत होने से पहले इविवि को स्थायी कुलपति मिल जाएगा।




