बीईओ प्री: महज 44 फीसदी ने दी परीक्षा

प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार )। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) की खंड शिक्षाधिकारी (बीईओ) भर्ती 2019 की प्रारंभिक परीक्षा में आधे से भी कम परीक्षार्थी शामिल हुए। सूबे के 18 जिलों के 1127 केंद्रों पर महज 44 फीसद अभ्यर्थी ही परीक्षा देने पहुंचे। आयोग के सचिव जगदीश के अनुसार पहली पाली की परीक्षा के लिए 5,28,314 अभ्यर्थी पंजीकृत थे जिनमें से 2,33,393 (44.18 फीसदी) शामिल हुए।
प्रयागराज में सर्वाधिक 106 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे जिनमें 48900 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। इनमें से 25773 (52.7 फीसदी) उपस्थित हुए। आजमगढ़ में सर्वधिक 57 फीसदी अभ्यर्थी परीक्षा देने पहुंचे। बीईओ के 309 पदों के लिए प्रयागराज, आगरा, आजमगढ़, बरेली, गोरखपुर, अयोध्या, गाजियाबाद, जौनपुर, झांसी, कानपुर नगर, लखनऊ, बाराबंकी, मेरठ, मुरादाबाद, रायबरेली, सीतापुर, वाराणसी व मथुरा में परीक्षा आयोजित की गई।
करेंट अफेयर्स ने उलझाया
प्रयागराज। यूपीपीएससी द्वारा आयोजित बीईओ प्रारंभिक परीक्षा में करेंट अफेयर्स से संबंधित प्रश्नों ने परीक्षार्थियों को खासा परेशान किया। हैरत की बात यह रही कि बीईओ भर्ती के लिए हुई इस परीक्षा में शिक्षा संबंधी प्रश्न न के बराबर थे।
प्रतियोगी छात्रों ने बताया कि करेंट अफेयर्स के सवाल 22 मार्च की परीक्षा के हिसाब से तैयार किये गए थे जबकि परीक्षा 16 अगस्त को सम्पन्न हुई। आधुनिक भारत टॉपिक पर 10 से 12 प्रश्न, भूगोल में 12 से 14 प्रश्न, विज्ञान और पर्यावरण के सर्वाधिक 20 से 22 प्रश्न पूछे गए थे। कुल 120 प्रश्नों में से पूर्व के वर्षों के लगभग 40 प्रश्न शामिल थे। इस बार विज्ञान, गणित, हिंदी, रीजनिंग, भूगोल, इतिहास, राजव्यवस्था आदि सभी खंड से प्रश्न पूछे गए थे। गणित के एक प्रश्न पर कुछ अभ्यर्थियों ने आपत्ति की है। उनका दावा है कि प्रश्न के सभी चार में से कोई विकल्प सही नहीं है।
एसटीएफ ने पकड़ा साल्वर गैंग
प्रयागराज। स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने बीईओ प्रारंभिक परीक्षा के दौरान सॉल्वर गैंग को पकड़ा। रसूलाबाद स्थित चिन्मयानंद विद्यालय परीक्षा केन्द्र से सॉल्वर और अभ्यर्थी गिरफ्तार किये गए हैं। इस मामले में एक कोचिंग संचालक की तलाश है, उसकी गिरफ्तारी के बाद और भी नाम सामने आ सकते हैं। एसटीएफ को जानकारी मिली कि चिन्मयानंद विद्यालय परीक्षा केंद्र पर किसी अभ्यर्थी की जगह कोई सॉल्वर परीक्षा दे रहा है।
यहां दबिश में सुधीर पटेल पुत्र राममिलन पटेल निवासी टुड़यिार श्रीकपूरा थाना मेजा पकड़ा गया। वह धीरेंद्र कुमार मौर्या पुत्र श्यामजी निवासी मवैया हिंदुवानी सरायममरेज थाना हंडिया के स्थान पर परीक्षा दे रहा था। सुधीर एक कोचिंग संस्थान में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करता है। इस कोचिंग सेंटर के संचालक आशुतोष नाथ के माध्यम से उसकी मुलाकात धीरेंद्र से हुई थी। उसे 50 हजार रुपये देने की बात कही गई थी। तीन हजार रुपये एडवांस मिले थे।
सुधीर की निशानदेही पर पुलिस ने परीक्षा केन्द्र के बाहर मौजूद धीरेंद्र को गिरफ्तार कर लिया। दोनों के खिलाफ शिवकुटी थाने में रिपोर्ट दर्ज की गई है। इनके पास से दो फर्जी मतदाता पहचान पत्र, एक ड्राइविंग लाइसेंस, एक आधार कार्ड, तीन एटीएम कार्ड, दो मोबाइल फोन और 37,710 रुपये नकद बरामद हुए हैं।




