एसीएफ व आरएफओ का साक्षात्कार 26 से

प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार) । उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) ने सहायक वन संरक्षक (एसीएफ) तथा क्षेत्रीय वन अधिकारी (आरएफओ)-2017 की लिखित परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों के साक्षात्कार कार्यक्रम घोषित कर दिया है। साक्षात्कार 26, 27 एवं 28 अगस्त को दो पालियों में होगा। यूपीपीएससी के परीक्षा नियंत्रक ने बताया कि तीनों दिन के साक्षात्कार का विस्तृत क्रार्यक्रम अनुक्रमांक सहित आयोग की वेबसाइट पर अपलोड कर दिया गया है। विदित हो कि आयोग ने इस भर्ती की लिखित परीक्षा का परिणाम 5 अगस्त को घोषित किया था। सामान्य और विशेष चयन को मिलाकर कुल 137 पदों के सापेक्ष 333 अभ्यर्थियों को साक्षात्कार के लिए सफल घोषित किया गया है। भर्ती में सामान्य चयन के 65 और विशेष चयन के 72 पद शामिल हैं। इस भर्ती की मुख्य परीक्षा सितंबर 2018 में प्रयागराज और लखनऊ में आयोजित की गई थी।


