छात्रों ने तैयार किया वर्क फ्राम होम का पैकेज

इविवि: न्यू फाइल मैनेजमेंट सिस्टम से घर बैठे होगा काम
पेपरलेस ऑनलाइन काम में फाइलें होंगी पूरी तरह सुरक्षित
प्रयागराज ( अनुराग दर्शन समाचार)। कोरोना काल में इलाहाबाद विश्वविद्यालय के कर्मचारियों को वर्क फ्राम होम के तहत घर से आसानी से काम कर सकेंगे। इविवि के शोधार्थियों व छात्रों की की एक टीम ने मिलकर एक ऐसा वेब आधारित पैकेज तैयार किया है जो कि विश्वविद्यालय के कर्मचारियों को घर से काम करने में मदद करेगा। इतना ही नहीं इसे प्रोग्राम के जरिए कार्यालय का कार्य भी पेपरलेस हो जाएगा। छात्रों ने इस वेब प्रोग्राम का नाम न्यू फाइल मैनेजमेंट सिस्टम रखा है।
इविवि अधिकारियों ने बताया कि छात्रों द्वारा तैयार इस पैकेज के जरिए ऑनलाइन तरीके से सभी विभागों के कार्य, फाइलों की पूरी गोपनीयता के साथ सुरक्षित ढंग से संभव हो सकेगा। प्रशासनिक और अकाउंट विभाग के कम्प्यूटर भी एक अन्य सर्वर के जरिए न्यू फाइल मैनेजमेंट सिस्टम से जोड़ दिए जाएंगे।
इविवि कुलपति प्रो. आरआर तिवारी ने बताया कि यह एक बहुत ही प्रभावी पैकेज है। जिस व्यक्ति को इस सिस्टम में एक्सेस दिया जाएगा वह कहीं से भी इस पर काम कर सकेगा। सुरक्षा को ध्यान रखते हुए इसमें दो चरणों में ऑथेंटिकेशन प्रक्रिया उपलब्ध कराई गई है। इस सिस्टम में लॉगइन करने के लिए यूजर्स को एडमिन द्वारा बनाए लॉगइन आईडी से लॉग इन करना होगा। इसके बाद गूगल ऑथेंटिकेशन एप के जरिए इसके ऑथेंटिकेशन की जांच होगी।




