Latest

मरीज का ब्यौरा देने पर मिलेगी खांसी बुखार की दवा

जिला प्रशासन ने जारी किया संशोधित आदेश, उहापोह खत्‍म

प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार) । कोरोना काल में बुखार और दर्द की 10 दवाओं को लेकर बनी उहापोह की स्थिति अब खत्‍म हो गई है। ये दवाएं अब बिना डाक्टर के पर्चे के ही लोगों को मिलेंगी। हां, इसके लिए एक शर्त यह होगी कि जिस मरीज के लिए यह दवा खरीदी जा रही है, उसका पूरा विवरण मेडिकल स्टोर पर देना होगा। जिला प्रशासन ने इसके लिए एक संशोधित आदेश भी जारी किया है। दरअसल प्रशासन ने पहले निर्देश दिया था कि बिना डॉक्‍टर की पर्ची के यह दवाएं लोगों को नहीं मिल सकेंगी।
सिटी मजिस्ट्रेट ने बताया कि इन दवाओं के लिए अब पर्चे की जरूरत नहीं होगी, बल्कि मेडिकल स्टोर पर मरीज का मोबाइल नंबर सहित पूरा विवरण देना होगा। फिर इस विवरण को मेडिकल स्टोर की ओर से नजदीकी प्रभारी चिकित्साधिकारी को मुहैया कराना होगा, जिससे ऐसे लोगों की कोरोना जांच कराई जा सकेगी। कोरोना के बढ़ते संक्रमण के बाद यह आदेश जारी किया गया था।
मोहल्ले-मोहल्ले कोरोना की जांच के लिए मोबाइल वैन जाने के बावजूद लोग कोरोना जांच कराने से बच रहे हैं। जिनको बुखार भी हो रहा है, वह भी जांच से कतराते हैं। वह बुखार की दवा खाकर घर पर ही आराम करते हैं और गंभीर होने पर जांच करवाते हैं। इन्हीं कारणों से तय हुआ कि खांसी, जुकाम, बुखार वाले हर व्यक्ति की कोरोना जांच हो जाए। वह खुद से दवा लेकर बीमारी न बढ़ाएं।
इससे पहले सिटी मजिस्ट्रेट रजनीश मिश्रा ने आदेश दिया था कि बिना पर्चे के बुखार और दर्द में काम आने वाली दवाएं पैरासिटामॉल, डेरीफाइलीन, कफ संबंधी सीरप, एजिथ्रोमाइसीन, डॉक्सी, विटामिन-सी, विटामिन डी, जिंक और हाइड्राक्सी क्लोरोक्वीन, सिट्राजिन दवाएं बिना डॉक्टर के पर्चे पर नहीं मिलेगी। इससे लोगों की परेशानी बढ़ गई थी। हालांकि अब राहत की भी खबर है।

Related Articles

Back to top button