Latest

सीडीपीओ के खिलाफ मुकदमा दर्ज, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों से रिश्वत लेने का आरोप

प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों से रिश्वत लेने के आरोप में उरवा की बाल विकास परियोजना अधिकारी (सीडीपीओ) के खिलाफ मेजा थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया है। आरोप है कि जब उनके पास मेजा के बाल विकास परियोजना अधिकारी का अतिरिक्त प्रभार था तो उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को अपने कार्यालय में बुलाकर उनसे रिश्वत ली। विभागीय जांच के बाद जिला कार्यक्रम अधिकारी ने एसएसपी को प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए पत्र लिखा और अब जाकर मेजा थाने में एफआईआर दर्ज हुई है।
उरवा की बाल विकास परियोजना अधिकारी (सीडीपीओ) स्मृति कुमार सिंह के पास पिछले दिनों मेजा बाल विकास परियोजना अधिकारी का अतिरिक्त प्रभार था। उनके वहां से हटने के बाद आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों ने आरोप लगाया कि अधिकारी ने उन्हें अपने दफ्तर बुलाकर रुपये ऐंठे। इसकी शिकायत जिला कार्यक्रम अधिकारी मनोज राव से की गई। डीपीओ ने मामले पर तीन सदस्यीय जांच कमेटी बैठाई। कमेटी ने जांच सही पाई और सीडीपीओ पर कार्रवाई करने की संस्तुति की। इसके बाद भ्रष्टाचार का मामला दर्ज कराया गया है।

Related Articles

Back to top button