Ateeq ahmed News : प्रयागराज में माफिया और पूर्व सांसद अतीक अहमद का भवन धराशायी, पीडीए की कार्रवाई से मचा हड़कंप

शहर के नवाब युसुफ रोड स्थित पूर्व सांसद अतीक अहमद के कब्जे वाले एक भवन को प्रयागराज विकास प्राधिकरण ने सोमवार को जमींदोज कर दिया। इस कार्रवाई से मौके पर हड़कंप मचा रहा। मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस फोर्स के साथ नगर निगम, विकास प्राधिकरण और पुलिस प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहे।
Prayagraj News : प्रयागराज में माफिया अतीक अहमद के भवन को धराशायी करता जेसीबी। – फोटो : prayagraj
पूर्व सांसद और माफिया अतीक अहमद और उसके करीबियों और रिश्तेदारों के द्वारा अवैध ढंग से कब्जा की गई संपत्तियों को ध्वस्त करने का अभियान चल रहा है। शहर के कई हिस्सों में उसने अवैध रूप से भवन और जमीन को कब्जा कर रखा है। प्रदेश सरकार के निर्देश पर प्रयागराज विकास प्राधिकरण और जिला प्रशासन की ओर से संपत्तियों को जब्त करने और भवन और निर्माण को ध्वस्त करने की कार्रवाई की जा रही है।
इसी क्रम में सोमवार को नवाबगंज स्थित अतीक अहमद के कब्जे वाले एक भवन को प्रशासन और प्राधिकरण के अधिकारियों ने बड़ी संख्या में पुलिस फोर्स की मौजूदगी में धराशायी कर दिया। भवन को धराशायी करने का आदेश कुछ दिन पहले ही जारी किया गया था। यह निर्माण करीब 500 वर्ग गज में फैला था।
बता दें कि शनिवार को हाईकोर्ट पानी टंकी तिराहे पर स्थित अतीक अहमद के साढ़ू इमरान जई के होटल को प्रशासन ने ध्वस्त कर दिया था। उसी दिन नवाब युसुफ रोड स्थित भवन को भी गिराने की तैयारी थी लेकिन रात हो जाने के कारण उस दिन कार्रवाई नहीं की गई। सोमवार को सुबह से ही अधिकारी नवाब युसुफ रोड स्थित अतीक के अवैध भवन के पास जुटने लगे थे। कई जेसीबी को लगाकर पूरे निर्माण को ध्वस्त कर दिया गया। इस कार्रवाई से माफिया और उसके जुड़े लोगों में खलबली मच गई है।




