Latest

महिलाओं ने नगर पालिका अध्यक्ष को कीचड़ पोतकर पानी से नहलाया, देखने वालों की उमड़ी भीड़

उत्तर प्रदेश के महराजगंज में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां बारिश होने के लिए महिलाओं ने नगर पालिका अध्यक्ष पर कीचड़ पोतकर फिर उन्हें पानी से नहलाया। इस दौरान मौके पर सैकड़ों की संख्या में लोग जुट गए।

बरसात न होने से धान की फसल सूख रही है, जिससे किसान परेशान हैं। कुछ लोग ने पंपिंगसेट से खेत की सिंचाई शुरू कर दी है। कहीं-कहीं इंद्रदेव को प्रसन्न करने के लिए पूजा-पाठ, कीर्तन किया जा रहा है।
कहीं कुछ लोगों की ओर से टोटके आजमाए जा रहे हैं। सोमवार को नौतनवां कस्बे में महिलाएं नौतनवां नगर पालिका अध्यक्ष गुड्डू खान के आवास पर एकत्रित हुईं। उसके बाद अध्यक्ष के शरीर में कीचड़ पोतकर उन्हें पानी से नहलाया। उनका मानना है कि ऐसा करने से बारिश होगी।
कमलावती ने बताया कि ऐसी मान्यता है कि नगर के प्रमुख या अगुआ को अगर कीचड़ में नहलाया जाए तो इंद्रदेव प्रसन्न होते हैं, इससे जमकर बारिश होती है।

यह नजारा देखकर हर कोई हैरान हो गया था। लोगों को एक बार किसी अनहोनी की आशंका हुई लेकिन जब उन्हें इसके बारे में पता चला तो वे मुस्कुराते हुए चले गए। इस मौके पर मीरा, मानती, शकुंतला, कमला, सोहराती, शुशीला, बसंती, सुरजावती, शीला आदि मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button