24 घंटे में कोरोना का तेजी से बढ़ा ग्राफ

सामने आए रिकार्ड 443 नए मामले, पांच की मौत
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। कोरोना संक्रमण एक बार फिर रिकार्ड छलांग लगाई है। बुधवार को 443 नए पाजिटिव केस मिलने के बाद जिले में अब तक मिले कोरोना संक्रमितों की संख्या 12, 896 पहंच गई। वहीं एसआरएन में इलाज करा रहे पांच मरीजों ने बुधवार को दम तोड़ दिया। जिले में कोरोना से मरने वालों की संख्या अब 189 पहुंच गई है। बुधवार को 334 मरीज स्वस्थ हुए और अब तक कुल 9264 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। सीमएओ डॉ. जीएस वाजपेई ने बताया कि 50 बेड से ज्यादा क्षमता वाले अस्पतालों में फ्लू क्लीनिक बनेंगे। साथ ही अब प्रतिदिन 4000 सैंपलों की जांच की जाएगी।
सोरांव निवासी 35 वर्षीय युवक को दिल संबंधी दिक्कत के चलते आठ सितंबर को भर्ती किया गया था। बुधवार को उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। कर्नलगंज निवासी 78 वर्षीय बुजुर्ग ने भी दम तोड़ दिया। उन्हें शुगर व बीपी की परेशानी के चलते सात सितंबर को भर्ती किया गया था। हिम्मतगंज के रहने वाले 76 वर्षीय बुजुर्ग भी कोरोना से हार गए। पांच सितंबर को उन्हें शुगर, बीपी व गुर्दे की समस्या के कारण भर्ती किया गया था। साथ ही नैनी निवासी 64 वर्षीय बुजुर्ग को शुगर, बीपी की दिक्कत के कारण मंगलवार को भर्ती कराया गया था। दोनों की मौत बुधवार को उपचार के दौरान हो गई। चंदौली निवासी 67 वर्षीय बुजुर्ग की भी मौत हो गई, एसआरएन में उन्हें 7 सितंबर को डायबिटीज ब्लड प्रेशर हाई फीवर के चलते भर्ती किया गया था।
थानाध्यक्ष हुए कोरोना पॉजिटिव
प्रयागराज। कोरोना के नए मरीजों में गऊघाट हाइडिल के एसडीओ, मऊआइमा थानाध्यक्ष, सदर तहसील के एक लेखपाल शामिल हैं। बड़ी संख्या में बैंक अधिकारी व कर्मचारी भी इसकी चपेट में आ गए हैं। इंडसइंड बैंक करेली में चार लोग पॉजिटिव हुए। इसके अलावा यूनियन बैंक के मैनेजर भी पॉजिटिव हैं। इसी तहर वीडीओ हंडिया, एसआरएन कोविड अस्पताल के जूनियर डॉक्टर, सीनियर पेंशन के सीनियर असिस्टेंट, नगर निगम के दो ड्राइवर, सीएमओ आफिस के एक कर्मी में कोरोना की पुष्टि हुई।




