छह इंस्पेक्टर, 88 दरोगा और 139 आरक्षियों का दूसरे जिलों में तबादला

( अनुराग शुक्ला ) प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार) । प्रयागराज रेंज में वर्षों से नौकरी कर रहे जिन पुलिसकर्मियों की समयावधि पूरी हो चुकी है, उनका जिले से बाहर तबादला किया गया है। आईजी केपी सिंह ने रेंज के चारों जिलों के पुलिसकर्मियों की सूची जारी की और इन्हें तत्काल कार्यमुक्त करने का आदेश दिया है।
आईजी बोले, नहीं चलेगा स्थानांतरण रुकवाने का जुगाड़
प्रयागराज से छह इंस्पेक्टर, 88 दरोगा और 139 हेडकांस्टेबल का तबादला किया गया है। प्रतापगढ़ से सात इंस्पेक्टर, 48 दरोगा और 13 हेड कांस्टेबल, कौशाम्बी से तीन इंस्पेक्टर, 11 दरोगा और 51 हेड कांस्टेबल और फतेहपुर जिले से छह इंस्पेक्टर, 41 दरोगा और 27 दीवान का तबादला हुआ है।
इसके अलावा सिपाहियों की सूची भी जारी हुई, लेकिन उनकी संख्या बहुत कम है। उल्लेखनीय है कि एक जिले में सिपाही की 15 साल, दीवान 10 और दरोगा की पांच साल की समयावधि है।
आईजी केपी सिंह ने बताया कि स्थानांतरित हुए पुलिसकर्मियों को जल्द ही रिलीव करने का सभी कप्तानों को निर्देश दिया गया है। ट्रांसफर-पोस्टिंग को हमेशा ही पुलिसकर्मी किसी न किसी कारण से रुकवाने के लिए जुगाड़ लगाते हैं लेकिन इस बार ऐसा नहीं होने वाला है।




