Latest

यूपी बोर्ड: तीन अक्टूबर से होगी कंपार्टमेंट परीक्षा

प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (यूपी बोर्ड) की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट कंपार्टमेंट-इंप्रूवमेंट परीक्षा 2020 आगामी 03 अक्टूबर को दो पालियों में होगी। परीक्षा जिला मुख्यालय के राजकीय इंटर कालेजों में होगी। यूपी बोर्ड सचिव दिव्यकांत शुक्ल ने तारीख की घोषणा कर दी है। कुल 33,344 छात्र-छात्राओं ने इस परीक्षा के लिए आनलाइन आवेदन किया है। इनमें हाईस्कूल के लिए 15,839 और इंटरमीडिएट के 17,505 छात्र-छात्राएं शामिल हैं।
बोर्ड सचिव दिव्यकांत शुक्ल ने बताया कि जिला मुख्यालयों के राजकीय इंटर कालेजों को परीक्षा केंद्र बनाया जा रहा है। हाईस्कूल में दो और इंटर में एक विषय में अनुत्तीर्ण परीक्षार्थी इस परीक्षा को उत्तीर्ण करके पास हो सकेंगे। हाईस्कूल की कंपार्टमेंट-इंप्रूवमेंट परीक्षा सुबह आठ बजे से 11:15 बजे तक जबकि इंटर की परीक्षा दोपहर दो बजे से 5:15 बजे तक होगी। परीक्षार्थी वेबसाइट से प्रवेशपत्र डाउनलोड कर सकेंगे।

इनसेट…

लक्षण वाले परीक्षार्थी अलग कक्ष में देंगे परीक्षा

प्रयागराज। जिन परीक्षार्थियों में बुखार, खांसी आदि के लक्षण दिख रहे हों उन्हें परीक्षा से वंचित नहीं किया जाएगा। ऐसे परीक्षार्थियों को अलग कक्ष में बैठाकर परीक्षा कराई जाएगी। सभी को परीक्षा के 45 मिनट पूर्व आना अनिवार्य होगा। स्वास्थ्य विभाग व जिला प्रशासन मिलकर परीक्षा के एक दिन पहले परीक्षा कक्षों को सैनिटाइज कराएगा। हर परीक्षार्थी व केंद्र व्यवस्थापक, शिक्षक व शिक्षणेतर स्टाफ को मॉस्क लगाना अनिवार्य होगा। प्रवेश द्वार पर हर परीक्षार्थी व परीक्षा कार्य में लगे कर्मियों की थर्मल स्कैनिंग कराई जाएगी।

Related Articles

Back to top button