ट्रैक दोहरीकरण में टूटेंगे 250 मकान
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। रामबाग रेलवे स्टेशन से प्रयागराज जंक्शन के बीच ट्रैक दोहरीकरण के लिए 250 मकान तोड़े जाएंगे। पूर्वोत्तर रेलवे और जिला प्रशासन की टीम ने शुक्रवार को पैमाइश की थी। उस वक्त आजाद नगर और साउथ मलाका मोहल्ले के कई मकानों पर लाल निशान भी लगाए गए। इस कार्रवाई को देखकर ट्रैक के आसपास रहने वालों में खलबली है। फिलहाल लोगों को अब नोटिस का इंतजार है।
पूर्वोत्तर रेलवे की ओर से मंडुआडीह से प्रयागराज जंक्शन के बीच रेलवे ट्रैक का दोहरीकरण किया जाना है। करीब 250 मकान इसकी जद में आ रहे हैं जिन्हें तोड़े जाने की जानकारी मिलने से इलाके में खलबली मच गई। एमके श्रीवास्तव, सीताराम व मनोज मिश्र का कहना है कि अब लोगों को रेलवे की नोटिस का इंतजार है। इसके बाद हक के लिए लड़ाई की रणनीति बनाई जाएगी। कई लोगों का कहना है कि उनके मकान की रजिस्ट्री है। पार्षद पुलकित यादव ने बताया कि रविवार को मोहल्ले के लोगों के साथ बैठक कर मामले पर चर्चा की जाएगी।
इनसेट….
डीएम को सौंपेंगे ज्ञापन
प्रयागराज। आजाद नगर की पूर्व सभासद शैला बेगम के आवास पर शनिवार को बैठक हुई। अध्यक्षता कर रहे अजमल कमाल ने कहा कि मनमाने ढंग से पैमाइश की गई है। कही 52 फीट तो कहीं 82 फीट पर लाल निशान लगाए गए हैं। कहा कि जिनके मकान की रजिस्ट्री है, उन्हें रेलवे कैसे ढहा सकता है। उन्होंने बताया कि सोमवार को डीएम को ज्ञापन सौंपा जाएगा। इस मौके पर आरपी पांडेय, जुल्फकार अंसारी, नाजिम अली, रमेश सिंह, पप्पू सिंह व मयंक श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।



