Latest

आठ माह में 157 टिकट दलाल गिरफ्तार आरपीएफ ने किया अवैध टिकट रैकेट का भंडाफोड़ 1673 अनाधिकृत वेंडरों से वसूले 18 लाख रुपए

प्रयागराज। कोरोना काल में लॉकडाउन में ढील के बाद 12 मई से विशेष यात्री ट्रेनों का परिचालन प्रारम्भ हो गया। इसके साथ ही रेल सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने ट्रेनों और स्टेशनों पर सुरक्षा एवं कोविड-19 संबंधी नियमों का अनुपालन सुनिश्चित कराने में सक्रिय भूमिका निभाई है। उत्तर मध्य रेलवे (उमरे) परिक्षेत्र में आरपीएफ ने जनवरी से अगस्त माह तक 157 टिकट दलालों को गिरफ्तार किया। उनसे 97.80 लाख रुपए मूल्य के 7584 टिकट बरामद किये गये। इसी अवधि में 10,926 अपराधियों से लगभग 51 लाख रुपए का जुर्माना वसूला।
आरपीएफ ने कार्यवाही करते हुये 1673 अनाधिकृत वेंडरों से लगभग 18 लाख रुपए जुर्माने के तौर पर वसूले, अलार्म चेन पुलिंग में लिप्त लगभग 1774 लोगों के खिलाफ कार्रवाई की। अन्य रेलवे कर्मचारियों की मदद से लगभग 350 से अधिक खोए हुए बच्चों को बचाया और उन्हें उनके परिवारों के साथ मिलवाया। नशे और प्रतिबंधित सामग्रियों की तस्करी में शामिल 33 लोगों को गिरफ्तार किया गया और 23.50 लाख रुपये की कीमत की 233 किलो अवैध सामग्री बरामद की गई तथा संबंधित राज्य पुलिस को सौंपी गई है।
दिव्यांग, आरक्षित डिब्बों में अवैध रूप से यात्रा कर रहे 906 अनाधिकृत यात्रियों से लगभग 1.81 लाख एवं महिला यात्रियों के लिए आरक्षित डिब्बों में अनाधिकृत रूप से यात्रा कर रहे 1911 व्यक्तियों से 2.53 लाख जुर्माने के रूप में वसूल किया गया। अपराध के विरुद्ध जीरो टालरेंस के अंतर्गत आरपीएफ द्वारा विभिन्न उन्नत एवं नवीन तकनीकों जैसे आईएसएस, वीएसएस, साईबर सेल एवं डायनमिक ट्रेन एस्कार्ट का प्रयोग किया जा रहा है। रेल सुरक्षा बल कर्मियों के कौशल को और बेहतर बनाने के उद्देश्य से विभन्न कार्यशालाओं का नियमित आयोजन किया जा रहा है।

मंडल के विभिन्न स्टेशनों पर चला अभियान

प्रयागराज। देश को स्वच्छ बनाने के लिए उमरे का प्रयागराज मंडल स्वच्छता पखवाड़ा मना रहा है। इसके तहत प्रयागराज जंक्शन, कानपुर सेन्ट्रल, इटावा, प्रयागराज छिवकी, कानपुर अनवरगंज, अलीगढ, टूंडला, फतेहपुर, फफूंद आदि स्टेशनों के प्लेटफार्मों, सीढिय़ों, कार्यालय कक्षों रेलवे लाइनों, शौचालयों, नालियों, फुटओवरब्रिजों तथा सरकुलेटिंग एरिया आदि की सघन सफाई की गयी । इसके लिए उन्नत सफाई मशीनों का उपयोग किया गया। यह स्वच्छता पखवाड़ा 30 सितंबर तक चलेगा।

निर्बाध काम करेगा सिग्नल सिस्टम
विजुअल डिस्प्ले यूनिट से लैस हुआ बरगढ़ स्टेशन

प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। सिग्नल और दूरसंचार विभाग तेजी से वार्षिक लक्ष्य को पूरा करते हुए 15 सितंबर को प्रयागराज-मानिकपुर खंड के बरगढ़ स्टेशन पर ड्युएल वीडीयू (विजुअल डिस्प्ले यूनिट) के साथ इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग के हॉट स्टैंडबाई की कमीशनिंग की गई। इससे वैकल्पिक व्यवस्था हो गई है। अब दो में से किसी भी एक सिस्टम में खराबी आने पर सिग्नल प्रणाली बिना किसी रुकावट के लगातार कार्य करती रहेगी क्योंकि दूसरी वैकल्पिक प्रणाली तत्काल काम करना चालू कर देगी। पहले ऐसा होने पर सिग्नलिंग प्रक्रिया चालू होने में तीन मिनट का समय लगता था तथा स्टेशन के सभी सिग्नल के लाल हो जाने से अप एवं डाउन की गाडिय़ां रूक जाती थीं। सिग्नल विभाग के द्वारा किये गए इस कार्य से इस सेक्शन की ट्रेनों के समय पालन में सुधार तो होगा ही, इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग प्रणाली की विफलता में भी कमी आएगी।
स्टेशन मास्टर कक्ष में लगे डोमिनो टाइप पैनल को हटाकर 42 इंच के दो बड़े कंप्यूटर पैनल लगा दिये गए हैं। ट्रेन ऑपरेशन के संचालन को और अधिक सुरक्षा प्रदान करने के लिए ट्रैफिक ब्लॉक के दौरान रेलवे लाइन, सिग्नल, पॉइंट मशीन को रेल यातायात के विरूद्ध लॉक करने की व्यवस्था भी इन कंप्यूटर पैनल में ही उपलब्ध कराई गई है। सिग्नल प्रणाली के एकीकृत संचालन के लिए सभी तरह के मैनुअल स्विच एवं एमसीवी के लिये कंप्यूटर पैनल में ही सॉफ्ट स्विच दिए गए हैं।
अलीगढ़ के नजदीक हरदुआगंज स्टेशन पर अल्ट्राटेक सीमेंट कंपनी के लिए बनाई गई रेलवे साइडिंग को स्टेशन के पैनल इंटरलॉकिंग के साथ 14 सितंबर को इंटरलॉक किया। अब कंपनी को अपना माल तेजी से एक स्थान से दूसरे स्थान तक ले जाने में आसानी होगी। हरदुआगंज स्टेशन की विभिन्न लाइनों से मालगाड़ी संचालित करने के लिए 7 नई प्वाइंट मशीनें लगाई गई हैं। साथ ही चार पारंपरिक ट्रैक सर्किट व तीन एक्सल काउंटर ट्रैक सर्किट डुअल डिटेक्शन लगाए गए।

Related Articles

Back to top button