इविवि: जेआरएफ अभ्यर्थियों को भी देनी होगी प्रवेश परीक्षा

प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। इलाहाबाद विश्वविद्यालय में नए शैक्षिक सत्र 2021-22 में पीएचडी में प्रवेश लेने वाले जेआरएफ अभ्यर्थियों की राह आसान नहीं होगी। इविवि प्रशासन ने नए शैक्षिक सत्र में शोध में दाखिले की प्रक्रिया में अहम बदलाव किया है।
शोध में दाखिले के लिए पुराने पैटर्न में किया गया बदलाव
जेआरएफ अभ्यर्थियों को भी संयुक्त शोध प्रवेश परीक्षा (क्रेट) यानी लेवल वन में शामिल होना होगा। जबकि विगत वर्षों में जेआरएफ अभ्यर्थियों को सीधे क्रेट लेवल टू यानी इंटरव्यू में शामिल किया जाता था। इसके बाद एकेडमिक आधार पर अधिकतम 25 अंक प्रदान किए जाते थे। इसी के आधार पर चयन होता था। क्रेट लेवल वन में लिखित परीक्षा 300 अंकों की होगी। इसमें मिलने वाले अंकों को 35 अंकों के पूर्णांक में लेवल टू के लिए परिवर्तित किया जाता है। इसमें 35 अंक लिखित परीक्षा यानी लेवल वन में, 15 अंक इंटरव्यू यानी लेवल टू में और 25 अंक पिछले शैक्षिक परिणामों के आधार पर प्रदान किए जाएंगे।
प्रवेश प्रकोष्ठ के निदेशक प्रो. आईआर सिद्दीकी ने बताया कि इस बार जेआरएफ अभ्यर्थियों को भी प्रवेश के लिए संयुक्त शोध प्रवेश परीक्षा देनी होगी। क्योंकि कुछ विषयों में अंकों की जगह पर यूजीसी ने परसेंटाइल दिया है। जिसको अंक परिवर्तित करना मुश्किल है। इसलिए सभी को क्रेट की लिखित परीक्षा देनी होगी। इसमें नेट को तीन और जेआरएफ अभ्यर्थियों को पांच अंक अतिरिक्त (वेटेज) प्रदान किए जाएंगे
शिक्षकों को लेवल वन से मिलेगी छूट
प्रयागराज। इलाहाबाद विश्वविद्यालय एवं कॉलेज के शिक्षकों को रिसर्च करने के लिए लिखित परीक्षा से छूट मिलेगी। वहीं विदेशी एवं सैन्य कर्मी को इस बार भी लिखित परीक्षा नहीं देनी होगी। इनको सीधे लेवल-टू में शामिल होना होगा।




