Latest

माघ मेला का खाका तैयार करने में जुटे विभाग

कोरोना संक्रमण के चलते प्रस्तावित माघ मेले पर था संशय

उपमुख्यमंत्री के निर्देश के बाद सक्रिय हुए संबंधित विभाग

प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। माघ मेला 2021 की तैयारियां शुरू हो गई हैं। उपमुख्यमंत्री के निर्देश के क्रम में जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों से खाका तैयार करने के लिए कहा है। इसे गुरुवार को मुख्य सचिव के साथ होने वाली वीडियो कांफ्रेंसिंग में साझा किया गया। अब मेले के लिए धन की मांग की जाएगी। कोरोना संक्रमण के चलते 2021 में 14 जनवरी से 11 मार्च तक प्रस्तावित माघ मेले पर संशय था। हालांकि लखनऊ में मिलने गए संतों को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उपमुख्यमंत्री ने केशव मौर्या ने आश्वस्त कर दिया था कि सदियों पुरानी परंपरा खंडित नहीं होने दी जाएगी।
हाल ही में प्रयागराज प्रवास में उपमुख्यमंत्री ने निर्देश दिया था कि कोविड-19 की गाइडलाइन के अनुरूप तैयारी की जाए। इसके बाद जिला प्रशासन सक्रिय हुआ। मंगलवार रात जिलाधिकारी भानुचंद्र गोस्वामी ने लोक निर्माण विभाग, जल निगम, विद्युत वितरण निगम, स्वास्थ्य विभाग, नगर निगम, गंगा प्रदूषण नियंत्रण इकाई, रोडवेज, रेलवे, पुलिस से जुड़े अधिकारियों के साथ मंत्रणा की और खाका तैयार करने का निर्देश दिया। कोरोना संक्रमण का ध्यान रखते हुए कार्ययोजना बनाने पर जोर दिया। इसके बाद बुधवार को विभागों के जिम्मेदार खाका खींचते रहे। पिछले साल माघ मेला 750 हेक्टेयर क्षेत्रफल में बसाया गया था। इसे पांच सेक्टर में बांट कर कल्पवासियों, संतों और संस्थाओं को बसाया गया था।
आसार यही हैैं कि इस बार जगह पहले से ज्यादा हो सकती है लेकिन संस्थाओं की संख्या कम रहेगी। मेला अधिकारी रजनीश मिश्रा ने बताया कि तैयारी में लगे विभागों के अधिकारी गुरुवार दोपहर करीब एक बजे मुख्य सचिव के साथ होने वाली वीडियो कांफ्रेंसिंग में योजना प्रस्तुत करेंगे। फिर स्टीमेट भेजा जाएगा। धन स्वीकृति होते ही निर्माण शुरू करा दिया जाएगा।

Related Articles

Back to top button