प्रदेश

बैतूल में तनाव-लापता युवक की लाश मिलने से हंगामा, TI लाइन अटैच

बैतूल (आठनेर)। जिले के आठनेर में 3 दिन से लापता युवक सुमित लहरपुरे की लाश बुधवार शाम को ताप्ती घाट में मिलने से नगर में रात से तनाव का माहौल है। परिजनों ने सुमित की हत्या की आशंका जताई है। मामले में उचित कार्रवाई नहीं करने पर एसपी ने आठनेर टीआई को लाइन अटैच कर दिया है।

इधर आज सुबह से भी लोग इस घटना के खिलाफ सड़कों पर उतर आए। पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी कर रहे हैं। सुमित के परिजन डॉक्टरों की टीम से पीएम करवाने पर अड़े है। ग्रामीणों में इतनी नाराजगी है कि पूरे क्षेत्र में तनाव फैल गया है। लोगों ने सड़क पर टायर जलाकर रास्ता रोक दिया और सड़क पर लगे 4 सीसीटीवी कैमरे भी तोड़ दिए। ग्रामीणों के आक्रोश को देखते हुए आसपास के थानों से पुलिस बल रवाना किया गया है।

सड़कों पर लगाया जाम

नाराज ग्रामीणों ने बैतूल-आठनेर, आठनेर-भैंसदेही और आठनेर-मुलताई मार्ग पर जाम लगा दिया है। इससे यात्री और स्कूल वाहन रास्ते मे ही फंसे हुए हैं। जाम के चलते वाहनों की लंबी लंबी कतारें यहां लग गई है। पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों को शांत करने की कोशिश कर रहे हैं।

स्कूलो में की छुट्टी

इधर क्षेत्र में तनाव और ग्रामीणों के हंगामे को देखते हुए प्रशासन ने आठनेर के सभी स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी है। स्कूलो में पहुंचे बच्चो को सकुशल घर पहुंचाने की व्यवस्था की जा रही है।

क्या है पूरा मामला

आपको बता दें कि नगर के हनुमान मोहल्ले निवासी सुमित पिता नंदकिशोर लहरपुरे (21) 8 जुलाई को देर रात घर से गायब हुआ था। उसकी तलाश में पिता एवं परिजन जुटे रहे, लेकिन सुमित का पता नहीं लगा तो पिता नंदकिशोर ने 9 जुलाई को गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस भी सुमित को तलाश नहीं कर पाई। इस बीच बुधवार शाम सुमित की लाश ताप्ती घाट की खाई में मिली। परिजनों का आरोप है कि सुमित के साथ कोई घटना हुई है। परिजनों का ये भी कहना है कि पुलिस ने इस मामले में गंभीरता नहीं बरती नहीं तो सुमित की जान बच सकती थी।

कलेक्टर-एसपी को बुलाने की मांग पर अड़े

नाराज ग्रामीण मौके पर कलेक्टर और एसपी को बुलाने की मांग कर रहे हैं। हालांकि परिजनों की मांग पर बैतूल से 2 डॉक्टर आठनेर पहुंच गए हैं। अभी स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button