3317 शिक्षकों को ऑनलाइन नियुक्ति पत्र

प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार) । उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) द्वारा आयोजित सहायक अध्यापकों (एलटी ग्रेड) की भर्ती परीक्षा में उत्तीर्ण 3317 अभ्यर्थियों को आखिरकार नौकरी मिल गई। खासकर हिंदी एवं सामाजिक विज्ञान के परिणाम को लेकर प्रतियोगी छात्रों ने लंबा संघर्ष किया।
इन विषयों का सत्यापन पूरा होने और विद्यालयों का विकल्प लेने के बाद इन्हें नियुक्ति दी गई।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ राजकीय इंटर कॉलेज (जीआईसी) के लिए चयनित 3317 सहायक अध्यापकों (एलटी ग्रेड) को ऑनलाइन नियुक्ति पत्र जारी किया।
शुक्रवार को मुख्यमंत्री आवास पर आयोजित नियुक्ति पत्र वितरण समारोह में एक क्लिक पर सभी चयनित शिक्षकों के मोबाइल पर नियुक्ति पत्र उपलब्ध कराया गया।
माध्यमिक शिक्षा विभाग की ओर से आयोजित पदस्थापन एवं नियुक्ति पत्र वितरण समारोह में प्रदेश के उप मुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा, माध्यमिक शिक्षा राज्यमंत्री गुलाब देवी शामिल हुए।
उल्लेखनीय है कि एलटी ग्रेड शिक्षक भर्ती के लिए परीक्षा का आयोजन उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) ने किया। परीक्षा परिणाम को लेकर अभ्यर्थियों की लंबी लड़ाई और कोर्ट के हस्तक्षेप के बाद एलटी ग्रेड शिक्षक भर्ती परीक्षा का परिणाम जारी किया गया।
हां, एलटी ग्रेड शिक्षक कला की अर्हता को लेकर कुछ विवाद के बाद प्रमाण पत्रों के सत्यापन एवं शिक्षा निदेशालय से विकल्प भरे जाने में देरी के चलते उसके चयनित शिक्षकों को बाद में नियुक्ति पत्र का वितरण होगा।




