
इलाहाबाद। उत्तर प्रदेश की सियासत से बड़ी खबर सामने आ रही है. बीजेपी के खिलाफ महागठबंधन की कवायद के बीच मुलायम सिंह यादव की आजमगढ़ सीट भी चर्चा में आ गई है. दरअसल योगी सरकार में सहयोगी सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी ने 2019 के लोकसभा चुनाव के लिए अमर सिंह को आजमगढ़ से टिकट का ऑफर दिया है. कभी सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव के करीबी रहे अमर सिंह से जुड़ी इस खबर को 2019 के लोकसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए काफी अहम माना जा रहा है.
कहा जा रहा है कि देश में महागठबंधन की चुनौती से निपटने के लिए एनडीए अमर सिंह के ‘अनुभवों’ का इस्तेमाल कर सकती है. इसके संकेत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लखनऊ दौरे के समय भी सामने आए थे. उस समय पीएम मोदी ने अमर सिंह का नाम लेकर नए सियासी सुगबुगाहट को जन्म दिया था. ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने भी अपने भाषण में उनका जिक्र किया और हल्के फुल्के अंदाज में कहा, ‘अमर सिंह बैठे हुए हैं. सारी हिस्ट्री निकाल देंगे.’
हालांकि अमर सिंह से जब पूछा गया कि क्या वह आजमगढ़ से चुनाव लड़ेंगे, तो उन्होंने इससे साफ इनकार कर दिया. उन्होंने कहा, ‘मैं किसी एक क्षेत्र से चिपककर नहीं रह सकता. अभी जरूरत है मोदी जी के हाथ को मजबूत किए जाने की और मैं मोदी जी के लिए काम करूंगा.’ अमर सिंह ने कहा, ‘मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को निजी तौर पर बहुत पसंद करता हूं. उनमें गज़ब की नेतृत्व क्षमता है. मेरी आगे की जिंदगी उन्हीं के नाम है.’
उन्होंने कहा, ‘पूरे देश में ये तथ्य सभी जानते हैं कि मोदी के व्यक्तित्व और उनके काम का मुकाबला सारे लोग मिलकर भी नहीं कर सकते. अगर मुझे मायावती, ममता बनर्जी और मोदीजी में से किसी को प्रधानमंत्री पद का उम्मीदवार चुनना हो, तो मेरा वोट निश्चित तौर पर आखिरी ‘एम’ मोदी जी के साथ है.’
उधर अमर सिंह को लेकर तरह-तरह की चर्चाओं का बाजार गर्म है. कहा जा रहा है कि अमर सिंह समाजवादी पार्टी और यादव कुनबे के काफी करीबी रहे हैं. जाहिर है उनके पास कई ‘राज’ भी होंगे, जो चुनाव के दौरान सियासी हमलों में एनडीए के लिए ‘हथियार’ बन सकते हैं.
सपा का सवाल- कौन हैं अमर सिंह, क्या करते हैं काम?
इस बीच समाजवादी पार्टी ने अमर सिंह को लेकर अपना रुख साफ कर दिया है. सपा के प्रवक्ता अनुराग भदौरिया ने सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी की ओर से अमर सिंह को आजमगढ़ से चुनाव लड़ाने पर सवाल दागते हुए कहा, ‘अमर सिंह कौन हैं? क्या करते हैं? क्या व्यापार है? पहले तो यह बताएं’. उन्होंने कहा कि सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी अभी बच्चा है. 4 दिन की पार्टी है. मुलायम सिंह यादव प्रदेश में कहीं से भी चुनाव लड़कर जीत सकते हैं और मुलायम सिंह के बारे में बोलने से पहले ओमप्रकाश राजभर और उनके बेटे को कई बार सोचना चाहिए. उन्होंने कहा कि अमर सिंह जैसे लोग किसी के नहीं है. वह नेता तो है ही नहीं. पहले यह बताएं कि वह हैं कौन?




