Latest

रंग ला रही पुलिस की ई-मुखबिर सेवा कई जुआरी गिरफ्तार, नकदी व बाइक बरामद

प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। पुलिस की ई-मुखबिर सेवा का असर रविवार को दशहरे के दिन नजर आया।

पुलिस को तमाम लोगों ने सूचनाएं दी, जिसके आधार पर सोरांव व सिविल लाइंस में छापेमारी की गई। पुलिस ने कई जुआरियों को गिरफ्तार करते हुए नकदी, बाइक व ताश के पत्ते बरामद किए।

कुछ दिन पहले एसएसपी सर्वेश्रेष्ठ त्रिपाठी ने ई-मुखबिर सेवा क्लिक एंड पोस्ट शुरू की थी। इसके तहत एक वाट्सएप नंबर जारी कर लोगों से जुआ, सट्टा, मादक पदार्थ की तस्करी करने समेत अन्य तरह के अपराध करने वालों के बारे में सूचना मांगी गई थी।

पुलिस अधिकारियों का दावा है कि ई-मुखबिर पर सूचना मिली कि सोरांव थाना क्षेत्र के मलाका गेट फाफामऊ के पास कुछ लोग हार-जीत की बाजी लगा रहे हैं। एएसपी केवी अशोक के निर्देश पर फाफामऊ चौकी इंचार्ज धर्मेंद्र कुमार ने टीम के साथ छापेमारी कर दी।

मौके से सोरांव थाना क्षेत्र के मलाक चतुरी गांव निवासी दूधनाथ सरोज, जयकरन व गोविंद पासी को दबोच लिया। इनके कब्जे से नकदी, मोबाइल और ताश के पत्ते बरामद किए गए।

इसी तरह सिविल लाइंस पुलिस ने भी पत्थर गिरजाघर के पास अचानक छापेमारी करते हुए कई जुआरियों को गिरफ्तार कर लिया। जुआ फड़ और जुआरियों के पास से पैसा, बाइक व मोबाइल बरामद हुआ।

एसपी क्राइम आशुतोष मिश्रा का कहना है कि ई-मुखबिर के जरिए कई तरह की सूचनाएं लगातार मिल रही हैं। उसी के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

Related Articles

Back to top button