नौवीं और ग्यारहवीं में घट गए छात्र, यूपी बोर्ड: कम हो गए 3,90,057 पंजीकरण

प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। कोरोना वायरस का सबसे ज्यादा असर पढ़ाई पर पड़ा है। बाद में इसका साइड इफेक्ट उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (यूपी बोर्ड) की 10वीं व 12वीं की बोर्ड परीक्षा पर भी दिखेगा। पिछले सत्र की तुलना में इस बार यूपी बोर्ड के 9वीं और 11वीं कक्षा में 3,90,057 छात्र और छात्राओं का पंजीकरण कम हुआ है। बोर्ड ने दोनों कक्षाओं के लिए 30 अक्टूबर तक पंजीकरण कराया है। प्रदेशभर में सत्र 2020-21 में 9वीं व 11वीं कक्षा में कुल 49,38,316 छात्र-छात्राओं का पंजीकरण हुआ है। इसमें 9वीं में 26,95,269 व 11वीं कक्षा में पंजीकरण कराने वालों की संख्या 22,43,047 है।
यूपी बोर्ड ने पंजीकरण कराने वाले छात्र और छात्राओं की संख्या जारी की। पिछली साल की तुलना में पंजीकरण कराने वालों की संख्या में गिरावट के पीछे कोरोना संक्रमण के कारण स्कूल न खुलना प्रमुख कारण माना जा रहा है। स्कूल न खुलने से छात्र और छात्राएं विद्यालय नहीं आए। कोरोना संक्रमण के भय से काफी अभिभावकों ने पंजीकरण कराने के लिए भी बच्चों को विद्यालय नहीं भेजा। इसके चलते पंजीकरण कराने वालों की संख्या में काफी गिरावट आ गई।
यूपी बोर्ड के बीते सत्र में दोनों कक्षाओं में कुल 53,28,373 छात्रऔर छात्राओं ने पंजीकरण कराया था। हालांकि आंकड़ों पर ध्यान दे तो पंजीकरण कराने वालों में 9वीं की कक्षा में बच्चे कम हुए हैं। पिछले सत्र में 9वीं में 29,97,106 छात्र और छात्राओं ने पंजीकरण कराया था, जबकि इस बार 26,95,269 छात्र और छात्राओं का पंजीकरण हुआ है। वहीं 11वीं में 88,220 छात्र और छात्राओं का पंजीकरण कम हुआ है।




