अक्टूबर में मासिक लोडिंग का बना रिकार्ड, उमरे: माल ढुलाई राजस्व में 133 करोड़ की वृद्धि

प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। उत्तर मध्य रेलवे (उमरे) ने अपने खाते में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि जोड़ते हुए इस वर्ष अक्टूबर माह में अभी तक की सर्वाधिक मासिक लोडिंग हासिल की है।
पिछले वित्तीय वर्ष के मुकाबले माल ढुलाई राजस्व में 133 करोड़ रुपये की वृद्धि दर्ज की गई है। उमरे ने अक्टूबर 2020 में 14.8 लाख टन फ्रेट लोड किया जो कि पिछले सर्वश्रेष्ठ यानी मार्च 2018 के 14.7 लाख टन फ्रेट लोडिंग की तुलना में 10,000 टन अधिक है। गत वित्तीय वर्ष की तुलना में इस वर्ष माल लोडिंग में 33.34 फीसदी की पर्याप्त वृद्धि हासिल की है।

चालू वित्तीय वर्ष में 31 अक्टूबर तक उमरे ने माल ढुलाई से 923.33 करोड़ राजस्व अर्जित किया है, जो पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि के 790 करोड़ से 133.33 करोड़ रुपये अधिक है।
लॉकडाउन के कारण अप्रैल और मई 2020 में माल लदान पिछले वर्ष की तुलना में 8.4 लाख टन कम था। अक्टूबर 2020 के अंत तक यह अंतर घटकर 2.5 लाख टन रह गया। अक्टूबर 2019 की तुलना में अक्टूबर 2020 में 3.7 लाख टन के अतिरिक्त लोडिंग के बढ़ोत्तरी के माध्यम से 2.5 लाख टन का यह अंतर जल्द ही भरा जाएगा। इस उत्कृष्ट माल लदान प्रदर्शन के लिए उमरे महाप्रबंधक राजीव चौधरी ने तीनों मंडलों की सराहना की और इस दुर्लभ उपलब्धि को हासिल करने में शामिल रेलकर्मियों के लिए समूह पुरस्कार की घोषणा की।


