नवरात्र में हर ओर भक्तिमय माहौल

( विनय कुमार मिश्रा )
प्रयागराज ( अनुराग दर्शन समाचार )। शारदीय नवरात्र में हर ओर भक्तिमय माहौल है। व्रत, जप व पूजन के जरिए भक्त मां भगवती को रिझाने में लगे हैं। सिद्धपीठ मंदिरों में दर्शन-पूजन के लिए भक्तों का जमघट लग रहा है। वहीं, घरों में स्थापित दुर्गा प्रतिमा व कलश के समक्ष दुर्गा सप्तशती का पाठ करके साधकों ने मइया से आशीष मांगा। नवरात्र के दूसरे दिन रविवार को मां के ब्रह्माचारिणी स्वरूप का पूजन हुआ। भक्तों ने यम-नियम से ब्रह्माचारिणी स्वरूप का पूजन करके उनसे त्याग, संयम व सदाचार का आशीष मांगा।
नवरात्र में मां भगवती की साधना से मानव के अंदर व्याप्त काम, क्रोध, मोह, लोभ, अहंकार जैसे शत्रुओं का अंत होता है। मइया उन्हें वैभव, यश-कीर्ति प्रदान करती हैं। सिद्धपीठ मां अलोपशंकरी, मां कल्याणी देवी व मां ललिता देवी मंदिर हर-हर आरती स्थल पर मां दुर्गा की प्रतिमा में रत्नजड़ित आभूषणों, पुष्पों से मां के ब्रह्माचारिणी स्वरूप श्रृंगार व पूजन हुआ। भक्तों ने मइया को नारियल, चुनरी, फल व पुष्प अर्पित करके उनके मनोरम स्वरूप का दर्शन-पूजन किया।


