Latest

एसएससीः सीजीएल भर्ती प्रक्रिया में बदलाव, सभी सफल अभ्यर्थी देंगे दूसरे व तीसरे चरण की परीक्षा

प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार) । कर्मचारी चयन आयोग (एसएससी) ने संयुक्त स्नातक स्तरीय भर्ती (सीजीएल) की प्रक्रिया में अहम बदलाव किया है। इसके पहले चरण की परीक्षा में सफल सभी अभ्यर्थी अब दूसरे और तीसरे चरण की परीक्षा में शामिल होंगे। अभी तक पहले चरण की परीक्षा में सफल होने वाले दूसरे चरण की और दूसरे चरण की परीक्षा में सफल होने वाले तीसरे चरण की परीक्षा देते थे।
पहले और दूसरे चरण की परीक्षा कंप्यूटर आधारित यानी ऑनलाइन होती है जबकि तीसरे चरण की परीक्षा दीर्घ उत्तरीय प्रश्नों वाली ऑफलाइन होती है। आयोग ने यह कदम कोरोना के कारण प्रभावित हुई परीक्षा का समय बचाने के लिए उठाया है। आयोग के अफसरों का मानना है कि इस वजह से दो महीने कम लगेंगे। आयोग ने बुधवार को सीजीएल 2019 के तीसरे चरण की परीक्षा की तिथि घोषित करने के साथ इस बदलाव के बारे में जानकारी दी है।
तीसरे चरण की परीक्षा 22 नवंबर को आयोजित की जाएगी। इससे पूर्व 2 से 5 नवंबर तक दूसरे चरण की परीक्षा आयोजित होगी। सिविल लाइंस स्थित एसएससी मध्य क्षेत्र के क्षेत्रीय निदेशक राहुल सचान के अनुसार समय बचाने के लिए आयोग ने तय किया है कि पहले चरण की परीक्षा में सफल होने वाले सभी परीक्षार्थी दूसरे और तीसरे चरण की परीक्षा में शामिल होंगे लेकिन तीसरे चरण की परीक्षा की कॉपियों का मूल्यांकन उन्हीं परीक्षार्थियों का किया जाएगा जो दूसरे चरण की परीक्षा में सफल होंगे। इससे इस परीक्षा को संपन्न कराने में दो माह की बचत होगी।

Related Articles

Back to top button