जज के घर में बतौर कुक काम करने वाले नौकर की गला रेत कर हत्या

प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार )। थाना कैंट अंतर्गत नवादा क्षेत्र में शरद कुमार सोनी पुत्र हरख चंद्र जौनपुर जिले के सिपाह थाना क्षेत्र के धर्मापुर गांव का रहने वाला था। नेवादा में उसकी ससुराल है, जहां पत्नी राखी, बेटा रित्विक और बेटी सुनैना के साथ रहता था। वह पहले एक पूर्व राज्यपाल की गाड़ी चलाता था। इसके बाद यहां एक जज के घर में बतौर कुक काम करने लगा था। घरवालों के मुताबिक, रविवार दोपहर तबीयत खराब होने पर जज ने शरद को घर भेज दिया था। शाम करीब साढ़े सात बजे उसने घर में बताया कि दवा लेने जा रहा है। इसके बाद पैदल ही निकल गया। करीब सौ मीटर दूर ही किसी ने चाकू से गला रेत दिया। खबर पाकर घरवाले पहुंचे तो खून से लथपथ पड़े देखा। थोड़ी देर में कैंट पुलिस पहुंची और स्वरूपरानी नेहरू अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। इससे परिवार में मातम छा गया। एसपी सिटी, सीओ समेत कई पुलिस अधिकारी घटना स्थल पहुंचे।
आसपास के लोगों से पूछताछ की।
पुलिस कई बिंदुओं पर जांच कर रही है। शरद की बेटी सुनैना ने पुलिस को बताया कि दीपावली के दौरान पड़ोसी से विवाद हुआ था। आरोप है कि विपक्षी जुआ खेलने और शराब पीने को लेकर झगड़ा व मारपीट किए थे, जिसमें मुकदमा भी दर्ज हुआ था। सुनैना ने उसी विवाद में हत्या की आशंका जताई है। पड़ोसी घर से फरार हो गए हैं। पुलिस उनके बारे में जानकारी जुटा रही है।




