इलाहाबाद: यमुना नदी में चार एयरफोर्स के जवान डूबे, एक की मौत, एक की तलाश जारी
इलाहाबाद। यूपी के इलाहाबाद के अरैल इलाके के यमुना तट पर स्नान करने गए एयरफोर्स के चार जवान डूब गए. मौजूद नाविक ने आनन-फानन में लोगों और पुलिस को सूचना दी. जिसके बाद दो जवानों को रेस्क्यू किया गया. वहीं तीसरे जवान की मौत हो गई है और चौथे की तलाश जारी है.
जिले में रविवार को केंद्रीय कमांड एयरफोर्स के नौ जवान नहाने के लिए पहुंचे थे. उनमें से 4 जवान नहाने के लिए नदी में उतरे, लेकिन अचानक वह डूबने लगे. चारों जवानों की चीख-पुकार सुनकर संगम तट पर हड़ंकप मच गया. शोर सुनकर संगम तट पर मौजूद नाविकों ने 2 जवानों को सुरक्षित बचा लिया. वहीं जलस्तर के तेज बहाव से एक जवान की मौत हो गई और अभी-भी एक लापता है.
जवानों के डूबने की सूचना मिलते ही पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंच गई है. जवान की तलाश में गोताखोरों के साथ ही जल पुलिस और पीएसी के जवानों को भी तैनात किया गया है. यमुना के बढ़े हुए जल स्तर के कारण डूबे हुए जवान की तलाश काफी मुश्किल है.


