प्रसव से पीड़ित महिला ने सड़क किनारे दिया बच्चे को जन्म

अस्पताल में चरम पर है नर्सों की मनमानी
कोराव,प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार ) मंगलवार को दोपहर 11:00 बजे सरकारी एंबुलेंस न पहुंचने के कारण एक प्रसव पीड़िता ने सड़क के किनारे ही बच्चे को जन्म दिया जिसके चलते सरकारी स्वास्थ्य सुविधाओं के संचालन की पोल खुलती नजर आ रही है। मामला ग्राम पंचायत बेलवनिया के बभनपट्टी गांव का है जहां की निवासी प्रमिला देवी पत्नी संजय सिंह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोरांव प्रसव कराने के लिए पहुंची थी ।जहां पर महिला चिकित्सकों ने महिला को यह कह कर वापस कर दिया कि आज आपका प्रसव नहीं होगा आप घर जाइए ।महिला अस्पताल से जैसे ही नगर पंचायत कोरांव में मांडा वाली रोड पर पहुंची उसे तेज दर्द शुरू हुआ और वहीं से एंबुलेंस के लिए लोगों ने फोन करना शुरू किया लेकिन काफी देर तक एंबुलेंस ना आने की वजह से दर्द से कराहती महिला ने सड़क के किनारे ही बच्चे को जन्म दे दिया ।मौके पर पहुंचे स्थानीय समाजसेवियों में महिला की मदद करते हुए ठेलिया के सहायता से अस्पताल भिजवाया सड़क पर प्रसव होने की वजह से बच्चे की हालत नाजुक बताई जा रही है ।कुल मिलाकर घटना को लेकर स्वास्थ्य सुविधाओं के संचालन की पोल खुलती नजर आ रही है ।सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से मांडा वाली रोड की दूरी 1 किलोमीटर ही होगी लेकिन उसके बावजूद भी सरकारी एंबुलेंस प्रसव से पीड़ित महिला को लेने नहीं पहुंची ।इस मामले में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक से वार्ता करने का प्रयास किया गया लेकिन उनसे बात नहीं हो सकी ।उल्लेखनीय है कि सरकारी अस्पताल में अनियमितताओं का बोलबाला दिखाई दे रहा है जिसके चलते लोगों को स्वास्थ्य सुविधाएं सुचारू ढंग से नहीं मिल रही हैं लेकिन जिम्मेदार अधिकारी पूरे मामले में सब कुछ जानते हुए भी अंजान बने हुए हैं स्थानीय लोगों ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी का ध्यान उक्त समस्या की ओर आकृष्ट कराया है।




