नगर निगम खरीदेगा उपले बनाने वाली मशीन
कान्हा गोशाला के गोबर से उपले बनाने की तैयारी
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। नगर निगम प्रशासन ने दीपावली पर्व के अवसर पर कान्हा गौशाला में प्रतिदिन निकलने वाले गाय के गोबर से दीये बनाकर बेचने की अनूठी पहल कर चुका है। अब गोशाला से निकलने वाले गोबर से उपले तैयार करने के भी तैयारी है। इसके लिए नगर निगम प्रशासन ने उपले बनाने वाली मशीन खरीदने की योजना बनाई है। जल्द ही इसके लिए जेम पोर्टल पर ई टेंडर निकाला जाएगा।
शहर में छुट्टा घूमने वाले और लाचार गायों को पकड़कर निगम का पशुधन विभाग उसे कान्हा गोशाला में भिजवा देता है। गोशाला में सैकड़ों की संख्या में गायें होने से प्रतिदिन कई टन गोबर निकलता है। पायलट प्रोजेक्ट के रूप में गोबर से उपले बनाने के लिए करीब एक लाख रुपए कीमत की मशीन मंगाने की तैयारी है। गोशाला में तैयार होने वाले उपले का इस्तेमाल निगम द्वारा संचालित शवदाह गृहों में किया जाएगा।
माना जा रहा है कि इससे लकड़ी के खर्च पर नियंत्रण लगेगा और प्रदूषण भी नहीं होगा। वैसे, उपले का प्रयोग शवदाह के समय किया जाता है लेकिन सिर्फ शुभ मान्यता की पूर्ति के लिए। शवदाह गृहों में उपले की पर्याप्त उपलब्धता होने पर लकडिय़ों के प्रयोग को लोगों द्वारा हतोत्साहित करने की निगम की योजना है। नगर निगम के पशुधन विभाग के प्रभारी अधिकारी मनोज यादव का कहना है कि लकड़ी की जगह उपले का इस्तेमाल शवदाह में होने से पेड़ भी कम कटेंगे, जिससे प्रदूषण भी नहीं बढ़ेगा।




