विवाहिता को मारपीट कर घर से निकाला, जानिए पूरा मामला
पति, सास, ससुर, दो ननद व दोनों ननदोई पर एफआईआर
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। ससुराल वालों ने विवाहिता को मारपीट कर घर से निकाल दिया। अब पीडि़ता की तहरीर पर पुलिस ने पति, सास, ससुर, दो ननद व दोनों ननदोई के खिलाफ विभिन्न धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली।
बिहार राज्य के सासाराम जिले की रहने वाली अनीता की जनवरी 2014 में झूंसी के हवेलिया कालोनी के रहने वाले आशुतोष के साथ हुई थी। हैसियत के अनुसार दहेज में कार के साथ अन्य सामान दिया गया था। कुल 22 लाख शादी में खर्च हुए थे। अनीता के आरोप के अनुसार इसके बाद भी ससुरालियों का मुंह सीधा नहीं था। आए दिन ताने देना, कई दिनों तक खाना न देना, तरह तरह की यातना देकर उसे परेशान किया जाने लगा।
हद तो तब हो गई जब ससुर बलराम उसे अकेला पाकर कमरे में घुसकर उसके साथ जोर जबरदस्ती करने की कोशिश की, चूंकि पति आशुतोष गाजियाबाद में नौकरी करते थे। इसकी शिकायत पर सास व ननद उसे ही दोषी जताते थे। 2016 में इसकी शिकायत उसने झूंसी थाने में की थी तो पुलिस ने लोगों को डांट डपट दी थी। जब उसे यह सब सहन नहीं हुआ तो पिता को बुलाकर वह लखनऊ चली गई। तीन दिन पूर्व जब वह ससुराल के लिए लौटी तो पहले तो दरवाजा नहीं खोला गया, जब पुलिस आई तो दरवाजा खोला गया। इसके बाद जब वह भीतर गई तो उसे मारा पीटा गया। परेशान होकर उसने थाना में तहरीर दी, जिस पर पुलिस ने पति, ससुर, सास व चार अन्य के खिलाफ विभिन्न धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली।


