मातम में बदल गया शादी का जश्न, बोलेरो और ट्रक की टक्कर में 14 लोगों की मौत

कुंडा से नवाबगंज थानाक्षेत्र में गई थी बारात
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। बारात में शामिल होकर लौट रहे बारातियों की गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त हो गई और शादी का उत्सव मातम में तब्दील हो गया। प्रतापगढ़ जिले के कुंडा इलाके में में बोलेरो और ट्रक की टक्कर में 14 लोगों की मौत हो गई। इसमें सात बच्चे भी शामिल हैं। सभी नवाबगंज थाना क्षेत्र से बारात से लौट रहे थे। कुंडा कोतवाल ने बोलेरो सवार 14 लोगों की मौत की पुष्टि की है। एसपी अनुराग आर्या घटना स्थल पर पहुंचे और उन्होंने मृतकों के स्वजनों से बात की। सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजने को कहा। देर रात सभी 14 मृतकों के शवों को ट्रैक्टर से लादकर जिला अस्पताल भेजा गया।
गुरुवार को कुंडा थाना क्षेत्र के चौसा जिरगापुर गांव के संतराम यादव के लड़के की बारात नवाबगंज थाना क्षेत्र के शेखवापुर गई थी। जयमाल के बाद देर रात कुछ बाराती बोलेरो से लौट रहे थे। रात करीब एक बजे देशराज इंदारा के पास खड़े ट्रक में बोलेरो पीछे से घुस गई। टक्कर इतनी तेज थी कि आवाज से आसपास के लोग घटना स्थल की ओर भागे और पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने घायलों को सीएचसी पहुंचाया।
हादसे के बाद बोलेरो में फंसे यात्रियों को गैस कटर से काटकर बाहर निकाला गया। कुंडा कोतवाल डीपी सिंह ने बोलेरो में बैठे सभी 14 लोगों की मौत की पुष्टि की है। मृतकों में दिनेश कुमार, पवन कुमार, दयाराम, अमन कुमार, राम समुझ, अंश, गौरव कुमार, नान भैया, सचिन, हिमांशु, मिथलेश कुमार, अभिमन्यू, पारसनाथ की पहचान हो पाई है। बोलेरो चालक बड़े राम निवासी मानिकपुर हैं। घटना स्थल पर देर रात एसपी अनुराग आर्य भी पहुंच गए हैं। उधर हादसे की खबर बारात में पहुंची तो वहां भी मातम पसर गया।
इनसेट…
चल बसे चार सगे भाई
प्रयागराज। कुंडा थाना क्षेत्र के चौसा जिरगापुर गांव के दो-दो सगे भाई इस भीषण दुर्घटना के शिकार हो गए। गांव के श्री नाथ के बेटे दिनेश और नान भइया भी बोलेरो से लौट रहे थे। लौटते समय दिनेश ने घर वालों को फोन करके आने की सूचना भी दी थी कि वह कुछ ही देर में घर पहुंच रहा है। मगर कौन जानता था कि यह उसकी स्वजनों से आखिरी बात है। कुछ ऐसा ही इसी गांव के रहने वाले दिनेश कुमार के बेटे पवन और अमन के साथ भी हुआ। दोनों इस दुर्घटना में मौत के गाल में समा गए।




