Latest

एसएससी की परीक्षा में धराए आठ मुन्ना भाई

सीएचएसएल के स्किल टेस्ट के दौरान हुआ खुलासा

( अनुराग शुक्ला ) प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। प्रीतम नगर स्थित ज्ञानोदय टेक्निकल इंस्टीट्यूट में एसएससी-सीएचएसएल स्किल टेस्ट की परीक्षा के दौरान गुरुवार को पुलिस ने आठ फर्जी अभ्यर्थियों को गिरफ्तार कर लिया। ये सभी आरोपी पैसे लेकर दूसरे की जगह परीक्षा दे रहे थे। पुलिस ने मूल अभ्यर्थियों को भी हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ कर रही है। मास्टर माइंटड बिहार के नालंदा का रहने वाला बताया गया है। सभी से पूछताछ की जा रही है। आरोपितों के कब्जे से जारी प्रपत्र, आधार कार्ड समेत कई सामग्री बरामद हुई है। पुलिस इस गिरोह के नेटवर्क को खंगाल रही है। ऐसे में इस गिरोह के और भी लोगों के गिरफ्तार किए जाने की संभावना है।
एसएससी की कंबाइंड हायर सेकंडरी लेबल (सीएचएसएल) की लिखित परीक्षा वर्ष 2018 में हुई थी। इस परीक्षा में उत्तीर्ण अभ्यर्थियों का स्किल टेस्ट गुरुवार को हो रहा था। धूमनगंज थाना क्षेत्र के झलवा स्थित ज्ञानोदय पब्लिक स्कूल को भी परीक्षा केंद्र बनाया गया था, जहां तमाम अभ्यर्थी परीक्षा देने के लिए पहुंचे थे। इसी दौरान पुलिस को पता चला कि इस स्कूल में कुछ ऐसे अभ्यर्थी हैं, जो दूसरे के स्थान पर परीक्षा दे रहे हैं।
अधिकारियों के निर्देश पर पहले वहां एलआईयू को भेजा गया और फिर सादे ड्रेस में कुछ पुलिसकर्मियों को। सुराग मिलने के बाद सर्विलांस टीम को भी अलर्ट कर दिया गया। इसके बाद पुलिस ने कई अभ्यर्थियों को वहां से उठा लिया। कड़ाई से पूछताछ में बड़े गिरोह का पता चला। फिर एक-एक कर परीक्षा में शामिल अन्य शातिरों को भी दबोच लिया गया। शाम तक पुलिस ने गिरोह से जुड़े आठ लोगों को गिरफ्तार किया है।
पकड़े गए आरोपितों में दो प्रयागराज के और बाकी बिहार के रहने वाले हैं। इंस्पेक्टर धूमनगंज अरुण चतुर्वेदी का कहना है कि सभी से पूछताछ की जा रही है। कुछ और लोगों का नाम सामने आया है, जिनकी तलाश की जा रही है। पुलिस टीम छानबीन में जुटी है।

Related Articles

Back to top button