इविवि: नये कलेवर संग निर्वाचित छात्रसंघ की तैयारी

डीएसडब्ल्यू की अध्यक्षता वाली कमेटी ने तैयार की रिपोर्ट
प्रयागराज। इलाहाबाद विश्वविद्यालय में निर्वाचित छात्रसंघ बहाली की उम्मीदें एक बार फिर परवान चढ़ती नजर आ रही हैं। कुलपति प्रो. आर.आर. तिवारी के आदेश पर गठित डीएसडब्ल्यू की अध्यक्षता वाली कमेटी ने नये छात्रसंघ का प्रारूप लगभग तैयार कर लिया है।
यह कमेटी जल्द ही अपनी रिपोर्ट कुलपति को सौंप देगी। इसके बाद कुलपति इस कमेटी की रिपोर्ट उच्च स्तरीय कमेटी के समक्ष रखेंगे। कार्य परिषद की संस्तुति के लिए ले जाया जाएगा। सूत्रों की माने तो इस रिपोर्ट में लिंगदोह की सिफारिशों में आंशिक बदलाव का सुझाव भी दिया जा सकता है। जैसे प्रत्याशियों के चुनाव खर्च की अधिकतम सीमा को पांच हजार रुपये से बढ़ाया जा सकता है।
ज्ञात हो कि तत्कालीन कुलपति प्रो. आरएल हांगलू ने शैक्षिक सत्र 2019-20 में छात्रसंघ का स्वरूप बदलकर छात्र परिषद लागू कर दिए थे।
इस पर छात्रों ने जमकर विरोध किया। मौजूदा सत्र में छात्र परिषद के लिए हुए चुनाव में छात्रों ने भाग न लेकर छात्र परिषद को नकार दिया। प्रो. हांगलू के इस्तीफे के बाद कार्यवाहक कुलपति प्रो. तिवारी की अध्यक्षता में 27 फरवरी के एकेडमिक काउंसिल की बैठक में छात्रसंघ के मुद्दे को रखा गया। इस पर कुलपति ने डीएसडब्ल्यू की अध्यक्षता में कमेटी गठित कर दिया। एक सप्ताह पूर्व कमेटी के संग कुलपति ने बैठक की। आदेश दिया था कि इस प्रकरण कमेटी अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करे। डीएसडब्ल्यू प्रो. केपी सिंह ने बताया कि कमेटी ने अपनी रिपोर्ट तैयार कर लिया है। जल्द ही रिपोर्ट को कुलपति के समक्ष प्रस्तुत करेगी।



