Latest

माघ मेला के लिए उमरे ने कसी कमर

कोविड-19 को देखते हुए की जा रही विशेष व्यवस्था

प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। उत्तर मध्य रेलवे (उमरे) ने माघ मेला 2021 के दौरान प्रयागराज आने और वापस जाने वाले तीर्थयात्रियों के सुरक्षित और आरामदायक परिवहन के लिए विस्तृत योजना बनाई है। उमरे महाप्रबंधक राजीव चौधरी ने इसकी समीक्षा की। इस दौरान पिछले माघ मेले के दौरान की गई व्यवस्थाओं, इस साल की मेला चुनौतियों, आधारभूत संरचना संबंधी कार्यों, परिवहन योजना आदि का एक विस्तृत पावरप्वाइंट प्रस्तुतीकरण किया गया।
सिविल प्रशासन के आंकलन के अनुसार इस माघ मेला में भीड़ पिछले माघ मेला जैसी रहने के आसार हैं। कोविड-19 के दृष्टिगत परिवहन क्षमता के हिसाब से माघ मेला के लिए विशेष ट्रेनों की आवश्यकता का आंकलन किया जा रहा है। पिछले बार की तरह, मुख्य स्नान अवधि के दौरान मुख्य स्टेशनों पर प्रवेश और निकास के लिए रेल और सिविल प्रशासन द्वारा संयुक्त रूप से निर्धारित किए गए अलग-अलग प्रवेश, निकास और संपर्क मार्ग आदि को संयुक्त रूप से जारी किया जाएगा। सभी स्टेशनों पर मेला नियंत्रण कक्ष संचालित किया जाएगा जो प्रयागराज जंक्शन पर स्थापित मुख्य नियंत्रण कक्ष से केंद्रीयकृत रूप से जुड़े होंगे।
संचार के लिए पर्याप्त व्यवस्था जैसे हॉट लाइन, वीएचएफ सेट, कंट्रोल फोन, पीए सिस्टम आदि स्टेशनों और नियंत्रण टावरों पर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। यात्रियों की स्क्रीनिंग और कोविड-19 लक्षण वाले यात्रियों के लिए विशेष चिकित्सा बूथों की स्थापना की जाएगी। इस दौरान अपर महाप्रबंधक रंजन यादव, प्रमुख विभागाध्यक्षों, डीआरएम प्रयागराज मोहित चंद्रा सहित मुख्यालय एवं प्रयागराज मंडल के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button