हर्ष फायरिंग में महिला समेत दो नामजद
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार )। नवाबगंज थाने में रविवार रात हर्ष फायरिग को लेकर वायरल हुए वीडियो के आधार पर दो लोगों को नामजद किया गया है। इसमें एक महिला भी शामिल है। पुलिस ने एक को गिरफ्तार भी कर लिया है।
साथ ही वायरल वीडियो की जांच कर रही है। रविवार देर शाम पुलिस को पता चला कि लालगोपालगंज का एक वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें एक महिला समेत दो लोग शादी समारोह में फायरिग कर रहे हैं।
वीडियो पुलिस तक पहुंचा और फिर फायरिंग करने वालों की पहचान कराई गई। इसमें लालगोपालगंज के रहने वाले विक्रम अग्रवाल और एक महिला का नाम सामने आया। जिस पर नवाबगंज थाने में दोनों के खिलाफ मुकदमा लिखा गया। एसआई शोहराब ने बताया कि विक्रम अग्रवाल को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि महिला की तलाश की जा रही है। शादी समारोह का आयोजन कहां था, यह अभी पता नहीं चला है। बंदूक किसकी थी, इस बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है।




