मुख्य स्नान पर्वों पर चलेंगी 1500 अतिरिक्त बसें

माघ मेला 2021 को रोडवेज ने कसी कमर
( अनंत पांडेय )
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। माघ मेला 2021 में यात्रियों को सुविधा मुहैया कराने के लिए रोडवेज विभाग ने भी कमर कस ली है। मुख्य स्नान की तिथियों में अतिरिक्त बसों का संचालन किया जाएगा। इसके अलावा कोविड से बचाव के लिए विशेष जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। इसके लिए बस अड्डों पर उद्घोषणा भी की जाएगी। बसों को सैनिटाइज कराने के बाद ही डिपो से निकाला जाएगा। बैठने की क्षमता के अनुसार ही सवारी बैठाई जाएगी। यात्रियों को मास्क लगाना अनिवार्य होगा।
माघ मेले में पडने वाले प्रमुख स्नान पर्वों मकर संक्रांति, मौनी अमावस्या और वसंत पंचमी पर रोडवेज की 1500 बसें अतिरिक्त चलाई जाएंगी। इसी तरह अन्य स्नान पर्वों पर यात्रियों की संख्या को देखते हुए अलग-अलग रूटों पर बसों का संचालन किया जाएगा। रोडवेज के क्षेत्रीय प्रबंधक टीकेएस विसेन ने बताया कि माघ मेले में आने वाले यात्रियों की सुविधाओं के लिए विशेष इंतजाम कराने की रणनीति बनाई जा रही है। यात्रियों को बसों की सही सूचनाएं मिले, इसके लिए पूछताछ काउंटर भी खोले जाएंगे।
क्षेत्रीय प्रबंधक ने बताया कि माघ मेले के दौरान यात्रियों की भीड़ बढने पर गोरखपुर, वाराणसी, लखनऊ, और कानपुर समेत आसपास के जिलों से बसें मंगाई जाएंगी। हांलाकि, कुंभ की तर्ज पर श्रद्धालुओं को मुफ्त सेवा के तहत संगम तक पहुंचाने की व्यवस्था को लेकर जल्द मंथन किया जाएगा।




