कुलपति की फर्जी ईमेल आईडी से ठगी की कोशिश
इविवि के चीफ प्रॉक्टर ने कर्नलगंज पुलिस को दी तहरीर
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। इलाहाबाद विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. संगीता श्रीवास्तव के नाम से फर्जी ईमेल आईडी बनाकर साइबर शातिरों ने ठगी करने की कोशिश की है। साइबर ठगों ने कुलसचिव को ईमेल भेजकर शॉपिंग करने का अनुरोध किया है। इस फर्जीवाड़ा की जानकारी होने पर चीफ प्रॉक्टर ने पुलिस को मुकदमा दर्ज करने के लिए तहरीर दी है।
इविवि के चीफ प्रॉक्टर प्रो. आरके उपाध्याय ने बताया कि कुलपति प्रो. संगीता श्रीवास्तव के नाम से फर्जी ईमेल आईडी बनाकर उसका दुरुपयोग किया जा रहा है। 4 दिसंबर को कुलपति के नाम से फर्जी ईमेल बनाकर साइबर ठगों ने कुलसचिव को एक मेल भेजा। ईमेल में लिखा कि उन्हें ऑनलाइन एक उपहार खरीदना है लेकिन वह मीटिंग में हैं और उनके पास कोई बैंक कार्ड नहीं है, जिससे वह भुगतान नहीं कर पा रही हैं।
फिर लिखा कि क्या यह संभव है कि आप यह खरीदारी कर सकते हैं। अगर संभव हो तो वह आगे की डिटेल भेजेंगी। ईमेल पढ़कर इविवि कार्यालय में खलबली मच गई। फर्जीवाड़े की जानकारी होने के बाद अधिकारियों ने बैठक की और इसके बाद कर्नलगंज पुलिस से मुकदमा दर्ज करने के लिए शिकायत की। कर्नलगंज इंस्पेक्टर एके दीक्षित ने बताया कि तहरीर मिलते ही मुकदमा दर्ज करके कार्रवाई को जाएगी।




