दूल्हा ने छेड़ा तो दुल्हन का शादी से इनकार, जयमाल के दौरान विवाद देख दूल्हा हुआ फरार

प्रयागराज(अनुराग दर्शन समाचार)। मऊआइमा में स्टेज पर दूल्हा ने ही दुल्हन को छेड़ दिया। जयमाल के समय इस तरह की हरकत से दुल्हन गुस्से से लाल-पीली हो गई और उसने शादी से इनकार कर दिया।
मौके की नजाकत भांप दूल्हा भाग निकला। दोनों ओर से विवाद की जानकारी मिलते ही पुलिस पहुंच गई और प्रतापगढ़ से गए दूल्हा पक्ष के लोगों को मऊआइमा थाने में बैठा लिया। देर रात तक पंचायत चलती रही लेकिन पुलिस समझौता नहीं करा सकी।
फतनपुर थाना क्षेत्र के हरिपालमऊ गांव के रामबरन यादव के भतीजे दिनेश यादव की शादी प्रयागराज के मऊआइमा थाना क्षेत्र स्थित बांकेजलालपुर के एक व्यक्ति की बेटी से शादी तय हुई थी।
इसी क्रम में रविवार को यहां से बरात मऊआइमा गई। वक्त दूल्हा और दुल्हन के जयमाल का आया। इसी बीच दूल्हा दिनेश यादव को ना जाने क्या सूझा, उसने दुल्हन को छेड़ दिया। यह बात दुल्हन को इतनी नागवार गुजरी कि वह दूर जा खड़ी हुई। उसने दूल्हे पर छेडने का आरोप लगा दिया।
बात बढ़ गई। दोनों पक्षों में हाथापाई शुरू हो गई और इस बीच दूल्हा भाग निकला। विवाद की सूचना पर मऊआइमा पुलिस मौके पर पहुंच गई। वहीं पुलिस की कार्रवाई से डरे बराती रात में ही वहां से नौ दो ग्यारह हो गए। दोनों पक्षों के बीच चली वार्ता के दौरान पुलिस समझौता कराने की कोशिश करती रही लेकिन सफलता नहीं मिली।
इंस्पेक्टर मऊआइमा आरके पटेल के मुताबिक दूल्हे पर दुल्हन को छेडऩे का आरोप है। इसी को लेकर दोनों पक्षों में विवाद को सुलझाने की कोशिश चल रही है, अभी बात नहीं बन पाई है।




