नगर निगम की 50 सड़कें पीडब्लूडी को ट्रांसफर

लोक निर्माण विभाग के हवाले होंगी सात मीटर से अधिक चौड़ी सड़कें
( अनंत पांडे )
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। प्रयागराज में नगर निगम की 50 सड़कों की देखरेख करने के उद्देश्य से लोक निर्माण विभाग (पीडब्लूडी) के नाम ट्रांसफर कर दी है। दोनों विभागों के अधिशासी अभियंताओं के संयुक्त निरीक्षण के बाद सड़कों के ट्रांसफर के लिए प्रमुख सचिव नगर विकास विभाग को प्रस्ताव भेजा गया था। बजट के अभाव में नगर निगम इन सड़क का मेंटिनेंस नहीं करा पाता था। लेकिन, फुटपाथ के मरम्मतीकरण का काम नगर निगम द्वारा ही कराया जाएगा। इससे समय-समय पर सड़कों की मरम्मत होती रहेगी।
शासन की मंशा के अनुसार इन सभी सड़कों की देखरेख और मरम्मतीकरण का काम अब पीडब्लूडी करेगा। दरअसल, नगर निगम की वित्तीय स्थितियों के मद्देनजर शासन ने निगम के अधीन सात मीटर और उससे अधिक चौड़ी सड़क को लोक निर्माण विभाग को ट्रांसफर करने के निर्देश जारी किए थे। इसी क्रम में संयुक्त निरीक्षण के प्रस्ताव भेजा गया था। नगर विकास विभाग की ओर से जारी पत्र में बताया गया कि 25 अगस्त को नगर निगम, प्रयागराज के नगर आयुक्त ने कुल 50 मार्गों की सूची भेजी थी। इनमें सात मीटर से अधिक चौड़े मार्गों का उल्लेख था।



