मेला प्रशासन द्वारा चार गुना से अधिक लगान बढ़ाने की तीर्थपुरोहितों ने की निंदा

बैठक में सामूहिक रूप से विरोध करने का निर्णय लिया
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार )। गंगा महासभा के केंद्रीय कार्यालय में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। इसमें मेला प्रशासन द्वारा मनमाने ढंग से चार गुना से अधिक लगान बढ़ाने की निंदा की गई। तीर्थपुरोहितों ने उसका सामूहिक रूप से विरोध करने का निर्णय लिया है। कहा कि कोई लगान जमा नहीं करेगा। वक्ताओं ने कहा कि लगान बढ़ाने के पूर्व माघ मेला सलाहकार समिति और प्रयागवाल समाज के प्रतिनिधिमंडल की स्वीकृति अति आवश्यक है। हालांकि प्रशासन ने इस नियम का पालन नहीं किया।
धीरज कुमार शर्मा ने कहा कि मेला में सामाजिक, राजनीतिक तथा अन्य संस्थाओं को सारी सुविधाएं निश्शुल्क उपलब्ध कराई जाती है। वहीं जो तीर्थ पुरोहित समस्त धार्मिक अनुष्ठान कराते हैं। उन्हें उपेक्षित किया जा रहा है। इस बार तीर्थ पुरोहित समाज की सुविधाओं पर कटौती की जा रही है। ये सौतेला व्यवहार समझ से परे है। कहा कि प्रशासन ने अपना निर्णय जल्द न बदला तो तीर्थपुरोहित मेला का बहिष्कार करके प्रदर्शन शुरू कर देंगे। बैठक में हिरामन भारद्वाज, प्रकाशचंद मिश्रा, सुरेश तिवारी, हेमंत पांडेय, गोविंद मिश्र, प्रकाशानंद शर्मा, दिनकर तिवारी, कमल शर्मा, मनोज दुबे, महेंद्रनाथ शर्मा, दिनेश तिवारी, दिनकर तिवारी, राजेश पाठक,विमल शर्मा, धर्मेंद्र पांडे आदि उपस्थित रहे।



